अयोध्या : मां के साथ बाजार जा रही बालिका को ट्रक ने रौंदा, हुई दर्दनाक मौत
अमृत विचार, अयोध्या । रुदौली कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत शुजागंज बाजार में शनिवार दोपहर एक अनियंत्रित ट्रक ने 8 वर्षीय बालिका को जोरदार टक्कर मार दी। जिससे बालिका की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक अपनी मां के साथ शुजागंज बाजार जा रही 8 वर्षीय राजनंदनी पुत्री शिवकुमार निवासी रहीमगंज धौरहरा कोतवाली रुदौली को ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दिया। जिससे उसकी घटना स्थल पर ही मौत हो गई। अपनी आंखों के सामने हादसा देख मां वहीं गश खाकर गिर पड़ी।
चौकी प्रभारी विनय यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रक वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। वहीं पूराकलंदर थाना क्षेत्र के जमूरत गंज बिल्हर घाट मार्ग पर भगतिन के पुरवा के पास शनिवार शाम पिकप की चपेट में आने से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गयी। थाना क्षेत्र के बैसिंह गांव निवासी दीपक बाइक से शहर से घर जा रहा था। शनिवार शाम करीब सात बजे जमूरत बिल्हर घाट मार्ग पर भगतिन के पुरवा के पास पिकप की चपेट में आने से मौत हो गई।
ये भी पढ़ें - प्रयागराज : बोर्ड के सचिव ने की राजकीय इंटर कालेज से 'नए सत्र में नया सवेरा' कार्यक्रम की शुरुआत
