Unnao News : हादसे में महिला की हुई थी मौत, परिजनों ने रोड की जाम, पुलिस ने कार्रवाई का भरोसा देकर कराया शांत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में हादसे में मृत महिला के परिजनों ने हंगामा किया।

उन्नाव में सड़क हादसे में मृत महिला के परिजनों ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस के बाहर हंगामा करने के साथ रोड जाम कर दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस व नायब तहसीलदार ने कार्रवाई का भरोसा दिलाकर शांत कराया।

उन्नाव, अमृत विचार। जिले में शनिवार देर शाम ट्रक की टक्कर से हुई महिला की मौत के बाद परिजनों व रिस्तेदारों ने रविवार को पोस्टमार्टम हाउस में जमकर हंगामा करते हुए रोड जाम कर दिया। उनकी मांग थी कि घटनाकारी ट्रक को पकड़कर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाए। हंगामे की सूचना पर कोतवाली पुलिस व नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का भरोसा देते हुए शांत कराया। 

माखी थानाक्षेत्र के गांव सथरा निवासी विजयशंकर यादव अपनी पत्नी संगीता को बाइक में बिठाकर अचलगंज थानाक्षेत्र के गांव वैसना स्थित ससुराल जा रहा था। वह सदर कोतवाली क्षेत्र के गदनखेड़ा बाईपास पहुंचा था तभी लखनऊ की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी थी। घटना में बाइक में पीछे बैठी संगीता उछलकर सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिया की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई थी।

घटना के बाद चालक ट्रक लेकर भाग गया था। सूचना पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया था। रविवार सुबह महिला के परिजनों व रिस्तेदारों ने पोस्टमार्टम हाउस में पहुंचकर ट्रक को पकड़ने व चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज करने की मांग कर हंगामा शुरू कर दिया और रोड जाम कर दिया।

इसकी सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस व नायब तहसीलदार मंजुला मिश्रा पहुंची और हंगामा कर रहे लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए।

संबंधित समाचार