हल्द्वानी: योग के रंग में रंगा अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

एमबीपीजी कॉलेज की ओर से अंतरराष्ट्रीय मैदान में आयोजित किया गया योगोत्सव

हल्द्वानी, अमृत विचार। अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम रविवार को योग के रंग में रंगा। विद्यार्थियों ने योग की विभिन्न मुद्राओं का प्रदर्शन किया। प्रशिक्षकों ने मैदान में सैंकड़ों की तादात में बैठे लोग को योग कराया। विषय विशेषज्ञों ने योग के लाभ बताए और योग को जीवनचर्या में शामिल करने की सलाह दी। 

एमबीपीजी कॉलेज की ओर से मोरारजी देसाई राष्ट्रीय योग संस्थान, आयुष मंत्रालय भारत सरकार के अनुपालन में रविवार को गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में योगोत्सव का आयोजन किया गया। सुबह 6 से 10 बजे तक शहर के सैंकड़ों लोगों ने योग किया और इसके फायदे जाने। शहर के हर वर्ग के लोग इसमें शामिल हुए। डॉ. राजेंद्र मलिक, ममता पंत, डॉ. आरती चौधरी ने योग का अभ्यास कराया। कहा कि सुरम्य वातावरण में स्थित सकारात्मक ऊर्जा को योग से ग्रहण कर स्वस्थ बना जा सकता है। मन योग से स्थिर होता है। रोजाना योग करने से शरीर में सकारात्मक ऊर्जा आती है। 

मुख्य अतिथि मेयर जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला और प्राचार्य डॉ. एनएस बनकोटी ने दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मेयर ने कहा कि योग के नकारात्मक ऊर्जा को मन से दूर करने के लिए योग जरूरी है। आज पूरे विश्व में भारत को योग से पहचान मिल रही है, जो कि सभी भारतीयों के लिए गर्व की बात है।

उच्च शिक्षा निदेशक डॉ. चंद्र दत्त सूंठा ने कहा कि योग मनुष्य के भीतर की चेतना को जाग्रत करता है। प्राचार्य बनकोटी ने कहा कि योग से उत्तराखंड का गहरा नाता रहा है। उन्होंने सभी अतिथियों का आभार प्रकट किया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवल किशोर लोहनी ने किया। कार्यक्रम में चीफ प्रॉक्टर डॉ. संजय सिंह खत्री, डॉ. नवीन भट्ट, डॉ. कविता बिष्ट, डॉ. सीएस नेगी, डॉ. उषा पंत, डॉ. गोविंद बोरा, डॉ. किरण कर्नाटक, डॉ. अमित सचदेवा, डॉ. एसके श्रीवास्तव समेत कई लोग मौजूद रहे।      

 

 

 

संबंधित समाचार