बरेली:कागजी खेल! सफाई हुई न कीटनाशक का छिड़काव, प्रदेश में फिर भी नंबर वन
माह भर चला संचारी रोग नियंत्रण अभियान, नहीं बदली गांवों की बदहाल तस्वीर, गंदगी के साथ कई स्थानों पर जलभराव, मच्छरों से पनप रहीं बीमारियां, संचारी रोग नियंत्रण में जिला प्रदेश में आ चुका है अव्वल
बरेली, अमृत विचार : एक माह तक जनपद में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चला। शहर से लेकर गांवों में साफ-सफाई का दावा किया गया। इतना ही नहीं कागजी आंकड़ों ने अभियान के तहत जिले को प्रदेश में नंबर वन होने का तमगा भी दिलवा दिया, मगर जमीनी हकीकत इससे इतर है। गांवों में जलभराव और गंदगी के चलते मच्छर पनप रहे हैं।
ये भी पढ़ें - बरेली: निलंबित हेडमास्टर की ताकत, 95 बच्चों में से एक भी पढ़ने नहीं आ रहा स्कूल
न सफाई नजर आ रही है और न ही कीटनाशक का छिड़काव। कई गांवों में तो ग्रामीणों को अभियान के बारे में पता ही नहीं है। जिले में 1 अप्रैल को शुरू हुए इस अभियान में पंचायती राज, पशुपालन, स्वास्थ्य, कृषि समेत कई विभागों के अधिकारी और कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई थी। पंचायती राज विभाग के अनुसार 1193 ग्राम पंचायतों में कम से कम एक सफाई कर्मी तैनात है। कुछ में आबादी के हिसाब से सफाई कर्मियों की संख्या दो से तीन है।
अभियान का मकसद गांव-गांव सफाई और दूषित स्थलों पर कीटनाशक का छिड़काव आदि करना था, लेकिन गांवों से गंदगी नहीं हट सकी। बिथरी चैनपुर, क्यारा, नवाबगंज में जलभराव के चलते लोगों को शाम ढलते ही मच्छरों का डंक सहना पड़ रहा है। नाली जाम होने से पानी सड़क पर फैला रहता है।
साल में तीन बार चलता है अभियान: यह अभियान साल में तीन बार चलता है। बारिश से पहले, बारिश के मौसम में और उसके बाद। इसमें साफ-सफाई और कीटनाशक का छिड़काव होता है, ताकि मच्छरों के प्रकोप से बचा जा सके। 17 अप्रैल से दस्तक अभियान भी चलाया गया। जिसमें स्वास्थ्य कर्मी व आशा कार्यकर्ताओं ने घर-घर जाकर संक्रामक रोग से पीड़ितों का स्वास्थ्य परीक्षण किया। मलेरिया, डेंगू के मरीजों की तलाश की गई।
अभियान की जानकारी नहीं। गांव में जल निकासी का इंतजाम नहीं हैं। सड़क पर गंदा पानी एकत्र होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे बीमारी फैलने का खतरा है।- नरेंद्र, म्यूड़ी खुर्द
सड़क पर गंदा पानी भरने से दुर्गंध आ रही है। इसके चलते आसपास के लोगों का रहना दूभर हो गया है। मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। इससे लोग परेशान हैं।- सचिन वर्मा, नवाबगंज
संचारी रोग नियंत्रण अभियान की जानकारी नहीं है। घर के पास जलभराव होने से मच्छरों के प्रकोप से नींद नहीं आती है। शिकायत के बाद भी जल निकासी को दुरुस्त नहीं किया जा रहा है।- वीरेश, बिथरी चैनपुर
सफाई कर्मियों ने शत प्रतिशत कार्य किया है। रोस्टर के अनुसार ग्राम पंचायतों में साफ-सफाई के साथ कीटनाशक का छिड़काव कराया गया। शहर में सफाई व्यवस्था नगर निगम की ओर से कराई जानी थी। समय-समय पर जिन स्थानों पर जलभराव की सूचना मिलती है, वहां दवा का छिड़काव कराने के साथ सफाई कराई करा दी जाती है।- धर्मेंद्र कुमार, डीपीआरओ
ये भी पढ़ें - बरेली: अनुपस्थित मतदान कार्मिकों को कारण बताओ नोटिस, होगी प्राथमिकी
