मुरादाबाद : डू डायस पोर्टल पर छात्रों का विवरण दर्ज करने में शिथिलता पर डीएम नाराज
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, खंड शिक्षाधिकारियों को दिया आदेश, दिखाएं व्यक्तिगत रुचि, दो दिन में दर्ज कराना होगा विवरण, अब तक 945 मदरसों में से 495 और 1832 विद्यालय में से सिर्फ 376 का विवरण हुआ है अपलोड
मुरादाबाद, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2022-23 में पंजीकृत छात्र छात्राओं का विवरण यू डायस पोर्टल पर अपलोड करने की स्थिति अत्यंत दयनीय होने पर जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने कड़ी नाराजगी जताई है। बुधवार को एक आदेश जारी कर उन्होंने यू डायस पोर्टल पर प्रपत्र अपलोड कराने के लिए जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी और सभी खंड शिक्षाधिकारियों को व्यक्तिगत रुचि लेने के लिए कहा है।
जिलाधिकारी ने महानिदेशक स्कूल शिक्षा और राज्य परियोजना निदेशक समग्र शिक्षा के पत्र का हवाला देकर कहा कि जिले में 945 मदरसों में से 495 और 1832 मान्यता प्राप्त विद्यालयों में से सिर्फ 376 ने छात्रों का अद्यतन विवरण पोर्टल पर अपलोड किया है।
इस लचर स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आदेश दिया है कि 12 मई तक अनिवार्य रूप से यू डायस 2022-23 की गतिविधियों जैसे स्कूल, शिक्षकों और छात्रों का विवरण पोर्टल पर शत प्रतिशत अपलोड कराएं। इसमें लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद : उमराह पर गए शहर के छात्र की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत
