Unnao: बारात जाने को निकले थे पहुंच गए पोस्टमार्टम… मवेशी की चपेट में आने से बाइक सवार युवकों की मौत का मामला
उन्नाव में मवेशी की चपेट में आने से बाइक सवार युवकों की मौत हो गई।
उन्नाव के बिहार थानाक्षेत्र में आवार मवेशी की चपेट में आने से बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर जांच शुरू की।
उन्नाव, अमृत विचार। बिहार थानांर्तग उन्नाव-रायबरेली हाइवे पर घूम रहे अन्ना मवेशी से बुधवार देररात शादी समारोह से लौट रहे युवकों की बाइक टकरा गई। इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं बाइक की तेज टक्कर से गोवंश की भी मौत हो गई।
बिहार थानाक्षेत्र के बसंतखेड़ा गांव निवासी कमलेश (40) और उसी गांव का रहने वाला सतीश (42) बाइक से बुधवार रात करीब 11 बजे उन्नाव-रायबरेली हाइवे से जा रहे थे। तभी बिहार कस्बा के आकमपुर गांव के पास उनकी तेज रफ्तार बाइक अन्ना मवेशी से टकरा गई। हादसे में दोनों गंभीर घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सुमेरपुर स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां डाक्टर ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं तेज टक्कर लगने से गोवंश की भी मौत हो गई। एसओ संदीप शुक्ला ने बताया कि परिजन दोनों के किसी शादी समारोह में जाने की बात कह रहे हैं। परिवार के लोगों से और जानकारी की जाएगी।
बारात जाने को निकले थे पहुंच गए पोस्टमार्टम
कमलेश रायबरेली के खीरो थानाक्षेत्र के मिर्जापुर गांव निवासी अपने साले देशराज की बेटी अन्नू की शादी में शामिल होने जा रहा था। अकेले होने के कारण उसने अपने दोस्त सतीश को भी साथ ले लिया था। रास्ते में तेज रफ्तार बाइक मवेशी से टकराने से दोनों के सिर पर आई गंभीर चोट के कारण उनकी मौत हो गई। परिजन यही कहते हुए बिलख पड़े कि जाने को निकले थे बारात और पहुंच गए पोस्टमार्टम।
