हल्द्वानी: आधी रात आईजी का छापा, ड्यूटी से नदारत मिले पुलिस वाले

Amrit Vichar Network
Published By Shweta Kalakoti
On

आईजी ने 1 हेड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबल को लाइन हाजिर किया और 3 होमगार्डों का वेतन रोका

शहर के मुख्य चौराहे से गायब मिले हे.कां. और कांस्टेबल बरेली रोड और रामपुर रोड से भी गायब मिले कांस्टेबल

हल्द्वानी, अमृत विचार। इधर शहर में हत्या की खबर से सनसनी फैली थी और उधर रात ड्यूटी पर तैनात सिपाही घर में आराम फरमा रहे थे। आधी रात आईजी डॉ.निलेश आनंद भरणे जब हाथ में ड्यूटी चार्ट लेकर निकले तो कई सिपाही और होमगार्ड गायब मिले। लापरवाही से नाराज आईजी ने तत्काल प्रभाव से 1 हेड कांस्टेबल और 4 कांस्टेबल को लाइन हाजिर कर दिया। जबकि 3 होमगार्ड का 1 दिन का वेतन रोकने का आदेश दिया। 

रात करीब 11 बजकर 55 मिनट पर आईजी ने सिटी कंट्रोल रूम से ड्यूटी चार्ट लिया। इस ड्यूटी चार्ट में शुक्रवार रात शहर के विभिन्न स्थानों पर तैनात पुलिस कर्मियों और होमगार्ड की ड्यूटी का ब्यौरा दर्ज था। इसके बाद आईजी ड्यूटी चार्ट हाथ में लेकर छापा मारने निकल पड़े। वह सबसे पहले तिकोनिया पहुंचे। यहां हेड कांस्टेबल संजीत राणा और कांस्टेबल विजय वर्मा की ड्यूटी लगी थी।

दोनों को तिकोनिया से वर्कशॉप लाइन पर गश्त की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन दोनों ही अपनी ड्यूटी से गायब थे। इसके बाद आईजी बरेली रोड पहुंचे और यहां बरेली रोड हाईवे पर कांस्टेबल कमलेश नौला की चीता मोबाइल पर ड्यूटी लगी थी, लेकिन कमलेश भी नदारद था। इसी तरह रामपुर रोड पर कांस्टेबल मो.अजीम और कांस्टेबल अरुण कुमार की चीता मोबाइल पर ड्यूटी लगी थी और वह भी गायब थे। इस घनघोर लापरवाही से नाराज आईजी ने सभी को लाइन हाजिर कर दिया। जबकि ड्यूटी से गायब मिले होमगार्ड निर्मल, सरजीत सिंह और गोपाल राम का 1 दिन का वेतन काटने का आदेश दिया। 


रात्रि अधिकारी भी आईजी के राडार पर

कोतवाली या थाने में हर रोज रात्रि अधिकारी की ड्यूटी लगाई जाती है और इस अधिकारी का दायित्व होता है कि वह रात में लगाई गई ड्यूटी को चेक करे। ऐसे में अब रात्रि अधिकारी भी आईजी के राडार पर हैं। आईजी ने रात्रि अधिकारी के जांच के आदेश दे दिए हैं। लापरवाही पर इनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।


रात्रि ड्यूटी के भरोसे चैन से सोती है जनता : आईजी

लापरवाह पुलिस कर्मियों को नसीहत देते हुए आईजी डॉ.निलेश आनंद भरणे ने रात्रि गश्त, पिकेट और चीता मोबाइल में लगी डियूटी बहुत महत्वपूर्ण होती है। इन्ही ड्यूटियों के भरोसे आम जनता चैन से सोती है। रात्रि में हर अनजान और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ करनी चाहिए। उन्होंने चेताया कि भविष्य में कभी भी औचक चेकिंग की जा सकती है। 


फटकारा भी और पीठ भी थपथपाई

ऐसा नहीं है कि आईजी ने आधी रात छापा मारने के बाद सिर्फ दंड दिया, बल्कि ड्यूटी पर मिले लोगों की पीठ भी थपथपाई। आईजी ने रात कोतवाली हल्द्वानी, मुखानी, बनभूलपरा की गस्त, पिकेट, पैट्रोलिंग आदि ड्यूटियों का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी में सतर्क मिले पुलिस कर्मियों का उत्साह वर्धन किया।

 

 

संबंधित समाचार