UP Nikay Chunav 2023: फर्रुखाबाद सदर सीट पर साइकिल व कमल को कुचलकर हाथी निकला आगे, जानें अन्य का हाल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

फर्रुखाबाद, अमृत विचार। नगर पालिका सदर सीट पर कमल और साइकिल को रौंद कर हाथी ने फिर बाजी मार ली है। करीब 2892 वोट से साइकिल को हरा कर बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल ने जीत हासिल की है। जिले की नौ निकायों में दो जगह कमल खिला, दो जगह साइकिल, एक जगह हाथी चला और अन्य जगह निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी। रात करीब साढ़े आठ बजे परिणाम घोषित किए गए। 

नगर पालिका सदर सीट से अध्यक्ष पद के लिए बसपा से वत्सला अग्रवाल, सपा से पूर्व विधायक विजय सिंह की पुत्रबूध एकता सिंह और भाजपा से जिलाध्यक्ष रूपेश गुप्ता की मां सुषमा गुप्ता समेत 11 लोगों ने दावेदारी की थी। बसपा प्रत्याशी वत्सला अग्रवाल को 35580 वोट, सपा को 32688 वोट और भाजपा प्रत्याशी को 31054 वोट मिले। बसपा प्रत्याशी ने 2892 वोट से जीत हासिल की।

Untitled(1)

सदर सीट को लेकर सातनपुर मंडी में मतगणना में गड़बड़ी होने के आरोप को लेकर पूरे दिन हंगामा होता रहा। शाम को पहले परिणाम घोषित करने से रोकने पर विचार हुआ, लेकिन बाद में परिणाम घोषित कर दिया गया। कायमगंज नगर पालिका में निर्दलीय प्रत्याशी शरद कुमार को 7657 वोट मिले, भाजपा प्रत्याशी सुभाष गुप्ता को 6386 वोट, कांग्रेस प्रत्याशी मोहम्मद सरवर हुसैन को 2479 वोट, सपा प्रत्याशी देवकीनंदन को 725 वोट और बसपा प्रत्याशी अभिषेक को 156 वोट मिल पाए।

निर्दलीय प्रत्याशी शरद कुमार ने भाजपा प्रत्याशी को 1375 वोट से हराकर जीत हासिल की। नगर पंचायत कंपिल में भाजपा प्रत्याशी नवनीत कुमार पांडेय को 1573 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी ने 3914 वोट हासिल कर 2341 वोट से जीत हासिल की। शमसाबाद नगर पंचायत में सपा जोश शाह ने 8872 वोट पाएं व भाजपा प्रत्याशी शैफाली गुप्ता को 6385 वोट मिले। इस प्रकार 2487 वोट से सपा प्रत्याशी ने जीत हासिल की।

नगर पंचायत कमालगंज में निर्दलीय प्रत्याशी पूर्व चेयरमैन राजबेटी शंखवार को 4284वोट मिले, जबकि भाजप प्रत्याशी नम्रता बजाज को 2433 वोट हासिल हुए। इस प्रकार निर्दलीय प्रत्याशी ने 1851 वोट से जीत हासिल की। मोहम्मदाबाद नगर पंचायत में निर्दलीय प्रत्याशी उषा देवी ने 3924 वोट और सपा प्रत्याशी हरीश यादव ने 3066 वोट पाएं।

निर्दलीय प्रत्याशी उषा ने 858 वोटों से सपा प्रत्याशी को हरा कर जीत हासिल की। वहीं नवाबगंज नगर पंचायत से निर्दलीय प्रत्याशी अनिल राजपूत ने 784 वोट से जीत हासिल की।  खिमसेपुर नगर पंचायत से भाजपा प्रत्याशी पुष्पराज और संकिसा बसंतपुर से भाजपा प्रत्याशी राहुल राजपूत की पत्नी अनुपमा राजपूत ने जीत हासिल की है।

यह भी पढ़ें:-निकाय चुनाव 2023: बांदा की आधी निकायों में कब्जा करने में कामयाब रहा सत्ताधारी दल

संबंधित समाचार