बरेली: निकाय चुनाव निपटते ही लोकसभा चुनाव- 2024 की तैयारी, 44 मंडलों और जिलों से भेजे 194 नाम
केंद्र में तीसरे कार्यकाल के लिए जमीन तैयार करने में जुटी भाजपा, नौ साल पूरे होने पर एक महीने चलेगा वृहद कार्यक्रम
अनुपम सिंह, बरेली। भाजपा को हर समय चुनावी तैयारियों में व्यस्त रहने वाली पार्टी ऐसे ही नहीं कहा जाता। पार्टी निकाय चुनाव से निपटते ही अब लोकसभा चुनाव- 2024 की तैयारी में जुट गई है। इस मिशन के तहत पार्टी मोदी सरकार की नीतियों और योजनाओं के जरिए सियासी जमीन को और मजबूत करेगी। केंद्र सरकार के नौ साल पूरे होने पर एक महीने तक वृहद कार्यक्रम के आयोजन की योजना पर भी क्रियान्वयन की तैयारी तेज हो गई है।
भाजपा संगठन केंद्र सरकार सरकार के नौ साल पूरे होने पर जिले में एक माह तक कार्यक्रम चलाएगा, जिसके तहत केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं, नीतियों के प्रचार के बहाने जन-जन तक पहुंचने की कोशिश की जाएगी। लोकसभा चुनाव के लिए प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी बखान किया जाएगा। इसमें योगी सरकार की भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस नीति, विकास, हिंदुत्व और अपराधियों के साथ भयमुक्त माहाैल देने जैसी उपलब्धियां जनता के बीच ले जाई जाएंगी।
बरेली के तीन संगठनात्मक जिलों में ऐसे पदाधिकारियों के नाम मांगे गए हैं, जो एक महीने तक कार्यक्रम की बागडाेर संभालकर गांव-गांव, घर-घर संपर्क कर सकें। पार्टी के जिलाध्यक्षों ने पदाधिकारियों के नाम भेज दिए हैं। जल्द ही टीमें गठित हो जाएंगी। महानगर भाजपा अध्यक्ष डॉ. केएम अरोड़ा ने बताया कि सोमवार को इस संबंध में बैठक हाेनी थी, लेकिन कुछ कारणाें से टल गई। महानगर, मंडल से नाम भेज दिए गए हैं। जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने कहा कि जिनके नाम फाइनल होंगे, वे अपनी देखरेख में कार्यक्रम कराएंगे। 2024 के चुनाव से पहले आम मतदाता तक पहुंचने की तैयारी चल रही है।
पन्ना प्रमुख, बूथ समितियां बनीं, 44 मंडलों और जिलों से भेजे 194 नाम
बरेली, महानगर और आंवला समेत पार्टी के तीनों संगठनात्मक जिलों में 44 मंडल हैं। पार्टी ने हर जिले से छह और मंडल से चार पदाधिकारियों के नाम मांगे थे। तीनों जिलों से 18 और 44 मंडलों 176 पदाधिकारियों के नाम तय कर भेज दिए गए हैं। संगठन के एक पदाधिकारी के अनुसार निकाय चुनाव तीन महीने के लिए स्थगित हुआ था। उसी दरम्यान संगठन ने लोकसभा चुनाव के लिए पन्ना प्रमुख, बूथ समितियों का गठन कर लिया था। जमीनी स्तर पर काम शुरू हो गया है।
यह भी- बरेली: ऑनलाइन काम का पहले ही बोझ, अब मॉनिटरिंग से शिक्षकों में रोष
