रुद्रपुर: उत्तर पश्चिम दिशा से चल रहीं गर्म हवाओं के थपेड़ों से लोग परेशान
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों पहाड़ी इलाकों और मैदानी इलाकों में हुई बारिश से मौसम सामान्य था, लेकिन अब वातावरण में नमी की मात्रा कम होने के साथ ही उत्तर पश्चिम दिशा से गर्म हवाएं चलने लगी है। इससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
वहीं मौसम वैज्ञानिकों ने बुधवार से शुक्रवार तक पहाड़ी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी और मैदानी इलाकों में सिर्फ 18 मई को आसमान में बादल लगने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना जतायी है।
मई के शुरूआती दिनों में तराई का मौसम सामान्य रहा। लेकिन पिछले तीन-चार दिनों से लोगों को चटक धूप का सामना करना पड़ रहा था। वहीं मंगलवार को उत्तर पश्चिम दिशा से चल रही गर्म हवाओं की थपेड़ों से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिक डॉ. आरके सिंह ने बताया कि 17 मई से 19 मई तक पहाड़ी इलाकों में हल्की बूंदाबांदी के साथ एक मिलीमीटर तक बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में गुरुवार को आसमान में बादल छाने और हल्की बूंदाबांदी की संभावना है।
उन्होंने बताया कि मंगलवार को तराई का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.5 डिग्री सेल्सियस रहा। वातावरण में नमी की मात्रा 35 फीसदी और उत्तर पश्चिम दिशा से 2.6 किमी. प्रति घंटे की रफ्तार से गर्म हवाएं चलीं। उन्होंने बताया कि वातावरण में नमी की मात्रा कम होने के कारण आने वाले दिनों में तापमान के और अधिक बढ़ने की संभावना है।
