संभल: चोरों ने दो घरों से नकदी व सामान चुराया, ओबरी गांव में वारदात को दिया अंजाम
घर की दीवार में लगाया गया नकब दिखाता ग्रामीण।
संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र के गांव ओबरी में चोर दो घरों से सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। एक घर में नकब लगाने पर दीवार से सटा बेड आ गया तो दूसरे घर की दीवार काटने के बाद चोरी की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित ने पुलिस को घटना की सूचना दे दी है।
ओबरी गांव निवासी नदीम कुरैशी गांव सिसौटा स्थित आम के बाग में रहता है। उसकी पत्नी गुलशन मायके गई थी। मंगलवार देर रात चोरों ने उसके घर की पीछे से दीवार काटी तो उस जगह दीवार से सटा बेड आ गया। चोर यहां वारदात को अंजाम नहीं दे सके। गांव के बाहरी छोर पर शकील का मकान है। वह ईंट भट्ठे पर मजदूरी करता है। रात में वह परिवार के साथ घर के आंगन में सो रहा था।
तभी चोर घर के पीछे की दीवार में दो जगह नकब लगाकर कमरे में दाखिल हो गए। यहां से संदूक, सूटकेस तथा बैग चोरी कर लिया। उन्होंने बेड के एक हिस्से में ईंटें लगाकर सामान बाहर निकालना शुरू किया।
इस बीच शकील ने घोड़ी के लिए चोकर निकालने को कमरे का दरवाजा खोला तो वह उसकी तरफ ईंट फेंक कर जंगल में भाग निकले। शोर मचाने पर पड़ोसी जाग गए। संदूक, सूटकेस तथा बैग घर के पीछे मिला। चोर 20 हजार रुपये, कपड़े समेत करीब 25 हजार रुपये का माल ले गए।
ये भी पढ़ें:- संभल: अनियंत्रित ऑटो पलटने से एक की मौत, सात लोग घायल
