हल्द्वानी: ट्रस्ट की भूमि कब्जाने के लिए बार-बार तोड़ी प्राधिकरण की सील
पहली बार बिना अनुमति निर्माण ध्वस्त और नया निर्माण करने पर किया था सील
परिसर में लगी सील को बार-बार तोड़ कर आरोपी लगातार करा रहे थे निर्माण
हल्द्वानी, अमृत विचार। ट्रस्ट की भूमि कब्जाने के लिए कुछ लोगों ने कानून को ताक पर रख दिया। पिछले साल प्राधिकरण के अधिकारी ने रिपोर्ट भी दर्ज कराई, लेकिन आरोपी बाज नहीं आए। तब से कई बार परिसर सील किया गया और आरोपियों ने हर बार सील तोड़ कर निर्माण शुरू कर दिया। अब इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने एक और केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी तहरीर में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण क्षेत्रीय कार्यालय के अपर सहायक अभियंता अंकित सिंह बोरा ने कहा, कॉलटैक्स चौराहा दमुवाढूंगा बंदोबस्ती में मोतीराम बाबूराम एजूकेशनल ट्रस्ट की भूमि है। प्राधिकरण से बिना अनुमति लिए खेमराज और कैलाश चन्दर पूर्व निर्मित को ध्वस्त कर नया निर्माण किया। जिस पर प्राधिकरण 10 अक्टूबर 2022 को केस दर्ज कराया गया और दोबारा निर्माण पाए जाने पर 17 अक्टूबर को सीलबंद कर दिया गया।
इस भूमि के भूतल में खेमराज और प्रथम तल में कैलाश चन्द्र निर्माण करा रहे थे। इसी वर्ष 19 मई को कैलाश चंद्र ने प्रथम तल में फिर निर्माण शुरू कर दिया। जिस पर पुलिस बल के साथ भवन सीलबंद कर किया गया। बावजूद इसके खेमराज ने बीती रात मे भूतल में भवन की सील को तोड़कर भवन में रोजमर्रा की सामाग्री रख दी गई। इस पर खेमराज के विरुद्ध अपर सहायक अभियंता की तहरीर पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज करते हुए भवन में दोबार सील लगा दी।
