बरेली: परिषदीय स्कूलों में देर से नहीं आ सकेंगे शिक्षक, अब होगी ऑनलाइन हाजिरी
हेड मास्टरों को ऑनलाइन हाजिरी के लिए टैबलेट मुहैया कराए जाएंगे
बरेली, अमृत विचार। परिषदीय स्कूलों में देर से आने वाले शिक्षकों की मनमानी पर अंकुश लगेगा। शिक्षकों की ऑनलाइन हाजिरी के लिए हेड मास्टरों को टैबलेट दिए जाएंगे। टैबलेट में दिए एप में लोकेशन मोड पर शिक्षकों को सेल्फी भेजनी होगी। इस एप की खास बात है कि टैबलेट ऑन करते ही लोकेशन स्वत: ही दर्ज हो जाएगी। इसमें कोई भी पुरानी फोटो अपलोड नहीं हो सकेगी। विभागीय सूत्रों के अनुसार बेसिक शिक्षा परिषद ने यह एप तैयार किया है।
जुलाई माह से हेड मास्टरों को टैबलेट मुहैया कराने की तैयारी की जा रही है। विभागीय अधिकारियों से मिले इनपुट के अनुसार शासन स्तर पर टैबलेट के लिए टेंडर की प्रक्रिया को पूरा कर लिया गया है। योजना के मुताबिक गर्मी की छुट्टियों के बाद सभी स्कूलों में टैबलेट पहुंचा दिए जाएंगे। जनपद में 2482 प्राथमिक और उच्च प्राथमिक स्कूल हैं।
बच्चों के लिए स्कूलों में संचालित योजनाओं की जानकारी और दिशा निर्देश शिक्षकों को एप के जरिए प्राप्त होती रहेंगी। इस व्यवस्था से शिक्षकों के स्कूल में देर से पहुंचने की मनमानी पर भी अंकुश लगेगा । उम्मीद है कि छुट्टियों के बाद जनपद में इस व्यवस्था को लागू करा दिया जाएगा---विनय कुमार, बीएसए।
यह भी पढ़ें- बरेली: 25 हजार का इनामी दिल्ली में STF के हत्थे चढ़ा, पहचान छिपाकर फैक्ट्री में कर रहा था काम
