देहरादून: पार्टी के आयोजन के लिए स्मैक बेचने निकला युवक आया STF के शिकंजे में
देहरादून, अमृत विचार। शादी की सालगिरह के पार्टी के आयोजन के लिए युवक स्मैक बेचने निकला था जो उसने अपने ही ससुर से खरीदी थी। इस दौरान एसटीएफ की एएनटीएफ टीम सक्रिय थी और युवक उनके पकड़ में आ गया। युवक के पास से 207 ग्राम स्मैक बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि ससुर ने स्मैक बरेली एक बड़े तस्कर से खरीदा था। आरोपी का ससुर फरार बताया जा रहा है।
एसटीएफ के एएसपी चंद्रमोहन सिंह ने बताया कि एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) को सूचना मिली थी कि रायवाला के पास से कोई स्मैक लेकर देहरादून आने वाला है। इस पर रायवाला पुलिस के साथ चेकिंग शुरू की गई। तीन पानी फ्लाईओवर के पास शनिवार शाम को एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो वह तेजी से भागने की कोशिश करने लगा। वहां नाकेबंदी कर बाइक सवार को रोका गया। तलाशी ली गई तो उसके पास स्मैक रखा हुआ था।
पूछताछ में उसने अपना नाम कपिल देव निवासी कंडोली, चीड़ोवाली, रायपुर बताया। स्मैक की मात्रा करीब 207 ग्राम पाई गई। कपिल ने एसटीएफ को बताया कि शनिवार रात उसकी शादी की सालगिरह की पार्टी होनी थी। इसमें उसने कई दोस्तों और रिश्तेदारों को बुलाया था। इसी पार्टी के लिए उसने स्मैक बेचने की डील की थी।आरोपी स्मैक को अपने ससुर आनंद कुमार निवासी मंडावली, बिजनौर से खरीदकर लाया था। आनंद कुमार की तलाश में टीम मंडावली भेजी गई लेकिन वह घर से भाग निकला। पड़ताल में पता चला कि आनंद कुमार इस स्मैक को बरेली के तौसिख खान से खरीदकर लाया था।
मुकदमे में आनंद कुमार और तौसिख खान को भी आरोपी बनाया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है। वहीं, आरोपी कपिल के खिलाफ वर्ष 2019 में भी नशा तस्करी के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मुकदमे में वह जमानत पर चल रहा है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
