गुलाबी नोट : पहले दिन बैंकों तक पहुंचे 12 करोड़ रुपए
हल्द्वानी के 120 बैंकों में बिना व्यवधान लोगों ने जमा किए 2000 के नोट
हल्द्वानी, अमृत विचार। शहर और आसपास के सरकारी व प्राइवेट बैंकों में मंगलवार से 2000 रुपये के नोट बदलने शुरू हो गए हैं। करीब 120 शाखाओं में पहले दिन लोगों ने सहूलियत के साथ 12 करोड़ रुपये के सभी नोट जमा करवाए।
भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 19 मई को देश की सबसे बड़ी करेंसी 2000 रुपये के नोट को वापस लेने का ऐलान किया था। यह फैसला क्लीन नोट पॉलिसी के तहत लिया गया। ग्राहकों को 30 सितंबर 2023 तक 2000 रुपये के नोटों को बैंकों में जमा कराने की सहूलियत दी गई है। 23 मई से बैंकों में नोट बदलने का सिलसिला शुरू हो गया है।
हल्द्वानी में सरकारी और प्राइवेट बैंकों को मिलाकर करीब 120 शाखाएं हैं। मंगलवार को सुबह बैंक खुलने के बाद इक्का-दुक्का लोग ही बैंक नोट बदलवाने और जमा कराने पहुंचे। दोपहर बाद यह संख्या बढ़ गई। बैंकों में बिना किसी व्यवधान के नोट बदलने और जमा कराने का कार्य किया गया।
