हल्द्वानी: जिसने एटीएम तोड़ने की कोशिश की, उसे वाहन चोरी में जेल भेजा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जेल भेजने के बाद पता लगा कि वाहन चोर ने की थी एटीएम तोड़ने की कोशिश

काठगोदाम में बीओबी के एटीएम को बनाया था निशाना, हूटर बजने पर भागा

हल्द्वानी, अमृत विचार। एक शातिर ने काठगोदाम थाना क्षेत्र में एटीएम लूटने की कोशिश की और उसे पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में जेल भेज दिया। जेल भेजने के बाद पता लगा कि शातिर वही था, जिसने एटीएम लूटने की कोशिश की थी।  

काठगोदाम रेलवे स्टेशन के पास बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम है। बताया जाता है कि बीती 22 मई को एक युवक ने एटीएम को लूटने की कोशिश, लेकिन एटीएम से छेड़छाड़ करते ही हूटर बज गया।

जैसे ही गार्ड मौके पर पहुंचा तो शातिर फरार हो गया। इस मामले में काठगोदाम पुलिस ने वरिष्ठ शाखा प्रबंधक बैंक ऑफ बड़ौदा काठगोदाम की वरिष्ठ शाखा प्रबंधक भावना जोशी की तहरीर पर केस दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू की।

सीसीटीवी खंगाले गए तो शातिर का चेहरा साफ हो गया। तलाश में जुटी पुलिस को इसी बीच पता लगा कि जिसे वह तलाश कर रहे हैं, उस शातिर को घटना के अगले ही दिन बनभूलपुरा पुलिस ने वाहन चोरी के मामले में जेल भेजा है। पुलिस अब आरोपी के खिलाफ वारंट बी जारी करने की तैयारी कर रही है। 

 

संबंधित समाचार