Kashipur News : तेज आंधी से फसलों को पहुंचा भारी नुकसान, बिजली की लाइनों पर गिरे पेड़, आठ घंटे बिजली रही गुल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

काशीपुर, अमृत विचार। मंगलवार की देर रात चली तेज आंधी से आम और लीची की फसल को 40 से 50 प्रतिशत नुकसान हुआ है। उद्यान विभाग सर्वे करने में जुट गया है। वहीं, कई जगहों पर बिजली लाइनों पर पेड़ गिरने से अनेक इलाकों में आठ घंटों से अधिक बिजली आपूर्ति बाधित रही। विद्युत विभाग को भी इससे करीब 45 लाख रुपये का नुकसान होने का अनुमान है। 

मंगलवार की रात करीब दस बजे तेज गर्जना के साथ आई आंधी में बड़ी तादाद में आम और लीची के फल गिर गए। जैतपुर में बागवान मुरादाबाद निवासी हरेंद्र ने बताया कि उन्होंने यहां पहली बार साढ़े चार लाख रुपये में लीची के बाग का ठेका लिया है। इससे पहले वह रामनगर में बगीचे लेते थे। आंधी से फल को बहुत नुकसान हुआ है। 

प्रगतिशील किसान अरुण भक्कू ने बताया कि उनके बाग में आम की फसल का भारी नुकसान हुआ है। कई बडे़ पेड़ तो जड़ से उखड़ गए हैं। उधर, ग्राम लालपुर में शंकर सिंह,  कुंडा में पारस मेहरोत्रा, कुदईयांवाला में अवनीश के बागों में फसल को भारी नुकसान पहुंचा है। 

वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक जगदीश तिवारी ने बताया कि फसलों की हुई क्षति का आकलन किया जा रहा है। आंधी के चलते बिजली भी रात भर गुल रही। मानपुर फीडर से तड़के तीन बजे तक बिजली गुल रही। जबकि पक्काकोट बिजली घर से दोपहर 12 बजे बाद विद्युत आपूर्ति शुरू हो सकी। जबकि देहात क्षेत्र में कई स्थानों पर खबर लिखे जाने तक बिजली सप्लाई शुरू नहीं हो सकी थी। 

ऊर्जा निगम के एसडीओ सुनील कुमार ने बताया कि विभाग को 45 लाख रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। अंधड़ से शहरी क्षेत्र में 40 पोल व देहात क्षेत्र में लगभग 70 पोल टूट गए। वहीं, देहात क्षेत्र में सात ट्रांसफार्मर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।

यह भी पढ़ें- Kashipur News : अवैध शराब के साथ पुलिस ने चार शराब तस्करों को किया गिरफ्तार

संबंधित समाचार