Ramnagar News : अतिक्रमण के खिलाफ लोगों में आक्रोश, विधायक का घेरा कार्यालय, की जमकर नारेबाजी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रामनगर, अमृत विचार। शासन के निर्देश पर अतिक्रमण की जद में आ रहे सैकड़ों लोगों ने घर बचाओ मुहिम के तहत विधायक दीवान सिंह बिष्ट की चुप्पी पर नाराजगी जताते हुए उनके कार्यालय को घेर लिया। 

बुधवार को रामनगर में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की बस्तियों एवं दुकानों पर बुलडोजर चलाने के नोटिस एवं मुनादी पर विधायक दीवान सिंह बिष्ट, भाजपा संगठन की चुप्पी से गुस्साए सैकड़ों लोग विधायक से मिलने उनके कार्यालय जा धमके। कार्यालय में विधायक के न मिलने पर आक्रोशित लोग सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे और कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए।

धरना स्थल पर सुमित लोहनी के संचालन में हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि वन विभाग, सिंचाई विभाग, राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग ,एनएच द्वारा नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों के वन गांव, वन गुर्जरों, गर्जिया मंदिर एवं वहां रोजगार कर रहे दुकानदारों को ध्वस्तीकरण का नोटिस  देने से लोगों में भय, आतंक, आक्रोश का माहौल है। लोग अपने घरों, दुकानों को बचाने के लिए दर-दर भटक रहे हैं। विधायक, सांसद, शासन-प्रशासन, विभागीय अधिकारी कोई भी उनकी बातों को नहीं सुन रहा है।

विधायक दीवान सिंह बिष्ट द्वारा अभी तक सार्वजनिक रूप से प्रशासन द्वारा की जा रही कार्रवाई को रोकने के लिए आगे न आने, ना ही कोई सार्वजनिक बयान देने से लोगों में गुस्सा साफ झलक रहा था। विधायक की बेरुखी से आक्रोशित सैकड़ों की संख्या लोग बस्ती बचाओ संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले विश्राम घाट में एकत्रित हुए तथा नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में विधायक कार्यालय जुटे।

बाद में विधायक कार्यालय के प्रभारी प्रकाश थापा एवं उनके प्रतिनिधि पुत्र जगमोहन सिंह बिष्ट ने विधायक को संबोधित ज्ञापन लिया तथा टेलीफोन से विधायक से वार्ता कराई। विधायक ने टेलीफोन के माध्यम से लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वह जनता के साथ खड़े हैं तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए शासन- प्रशासन से लगातार वार्ता कर रहे हैं।

विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने बताया कि कल इस संबंध में उनकी मुख्यमंत्री से वार्ता होनी है। विधायक के संबोधन के बाद लोग 'लड़ेंगे और जीतेंगे' नारे के साथ धरने को समाप्त कर दिया गया।

धरना प्रदर्शन में वन ग्राम समिति के संयोजक अस्सलाम एस लाल, ज्येष्ठ ब्लॉक प्रमुख संजय नेगी, उत्तराखंड परिवर्तन पार्टी के प्रधान महासचिव प्रभात ध्यानी, मनोनीत ग्राम प्रधान चंदन राम ,आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष शिशुपाल रावत, समाजवादी लोक मंच के संयोजक मुनीष कुमार, इंकलाबी मजदूर केंद्र के महासचिव रोहित रुहेला समेत तमाम लोग मौजूद रहे। 

यह भी पढ़ें- Rudrapur News : कंपनी से माल चोरी कर गायब करने वाला चालक गिरफ्तार, फरार साथियों की तलाश शुरू

संबंधित समाचार