बांदा में संयुक्त टास्क फोर्स ने पकड़े 70 ओवरलोड वाहन
अमृत विचार, बांदा। जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल की निर्देश पर गठित की गई संयुक्त टास्क फोर्स ने ओवरलोड वाहनों पर शिकंजा कसते हुए बालू, गिट्टी भरे 70 वाहनों को पकड़ लिया। पकड़े गए सभी वाहनों को संबंधित कोतवाली, थाना और चैकी पुलिस को सौंप दिया गया। उधर, डीएम ने जनपद बांदा में गिट्टी व पत्थर के स्वीकृत खनन पट्टों की प्रत्येक तीन माह में जांच को राजस्व व खनन विभाग की संयुक्त टीम गठित करते हुए रोस्टर जारी किया है।
गठित टास्क फोर्स ने पिछले चार दिनों में जनपद के सभी मार्गों पर चेकिंग करते हुए ओवरलोडिंग करने वाले वाहनों की धरपकड़ की। संयुक्त अभियान में बालू, गिट्टी व पत्थर के अवैध परिवहन के आरोप में कुल 70 वाहनों को पकड़ा गया है। इनमें 25 ओवरलोड वाहन थाना मटौंध, 10 वाहन नरैनी कोतवाली, आठ वाहन थाना पपरेंदा, आठ वाहन कुरसेजा चैकी, पांच वाहन कालूकुआं चैकी, चार वाहन बबेरू कोतवाली, तीन वाहन कोतवाली देहात, दो वाहन चैकी खपटिहा, दो वाहन चैकी कृषि विश्वविद्यालय, दो वाहन थाना पैलानी और एक वाहन ओरन चैकी की सुपुर्दगी में दिया गया है। उधर, डीएम के निर्देश पर जनपद में गिट्टी व पत्थर के स्वीकृत खनन पट्टों की प्रत्येक तीन माह में जांच के लिए राजस्व व खनन विभाग की संयुक्त टीम गठित करते हुए निरीक्षण के लिए रोस्टर जारी किया है।
ये भी पढ़ें -फर्रुखाबाद : मस्जिद की मीनार पर चढ़ा युवक, गले में बांधा तार - जानें क्या है मामला
