अयोध्या: घर में फंदे से लटकता मिला बीएससी के छात्र का शव, पुलिस ने लिया मोबाइल कब्जे में
बीकापुर, अयोध्या/अमृत विचार। कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में बीएससी एग्रीकल्चर के एक छात्र का शव घर में फंदे से लटका पाया गया है। पुलिस ने फारेंसिक टीम को बुलाते हुए मृतक छात्र का मोबाइल कब्जे में ले लिया है। मृतक झुनझुनवाला डिग्री कालेज का छात्र बताया जा रहा है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार क्षेत्र के तेंदुआ माफी में रहने वाले दिव्यांशु पुत्र अनिल कुमार 24 वर्षीय बीएससी एजी के छात्र का शव शनिवार रात संदिग्ध अवस्था में घर के अंदर छत के पंखे से गमछे के सहारे लटकता मिला। मौके पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार राय द्वारा जांच पड़ताल शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि दिव्यांशु पुत्र अनिल कुमार की मौत के सही कारणों का पता लगाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पंचनामा करके शव को पोस्टमार्टम हाउस भेजा गया है। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। कोतवाल ने बताया कि पुलिस हर पहलू की जांच कर रही है। मृतक युवक के मोबाइल को कब्जे में लिया गया है। काल डिटेल खंगाली जा रही है। परिवार की ओर से अभी कोई तहरीर नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें:-New Parliament Inauguration: मुख्यमंत्री योगी ने नये संसद भवन के उद्घाटन पर देशवासियों को दी बधाई, देखें Video
