Mahoba में तालाब में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत, Kannauj में निचली गंग नहर में किशोर डूबा, बीस घंटे बाद मिला शव
महोबा में तालाब में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत।
महोबा में तालाब में नहाने गए किशोर की डूबने से मौत हो गई। वहीं, कन्नौज में निचली गंग नहर में किशोर डूब गया। उसका बीस घंटे बाद शव मिला।
महोबा, अमृत विचार। विकासखंड जैतपुर के बेलाताल तालाब पर अपने दोस्तों के साथ नहाने गए किशोर की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और गोताखोरों द्वारा काफी प्रयास के बाद भी उसकी जान नहीं बचा सके। मृतक के परिजन घटना स्थल पर पहुंच गए, जहां पर उनका रो रोकर बुरा हाल बना हुआ है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ग्राम लमौरा निवासी हरिओम अहिरवार का 15 वर्षीय पुत्र कुलदीप रविवार की सुबह किसी काम से गांव गया हुआ था। दोपहर बारह बजे वह अपने दोस्तों के साथ बेलाताल तालाब नहाने के लिए पहुंच गया। किशोर अपने दोस्तों के साथ काफी देर तक तालाब में नहाता रहा और तभी वह गहरे पानी में चला गया और डूबने गया। कुछ देर तक कुलदीप के न दिखाई देने पर दोस्तों ने शोर मचाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोग एकत्र हो गए काफी देर तक ग्रामीणों ने उसे ढूंढा, लेकिन तालाब में नहीं मिला। ग्रामीणों ने सूचना पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और गोताखोरों ने काफी मशक्कत के बाद किशोर को ढूंढने में सफलता हासिल की, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। खबर मिलते ही मृतक के परिजन घटना स्थल पहुंच गए। शव देखते ही माता पिता अपने होश हवाश खो बैठे और रो रोकर उनका बुरा हाल बना हुआ है। किशोर की मौत से पूरे गांव गमगीन माहौल बना हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुख्यालय भेज दिया है।
कन्नौज में निचली गंग नहर में डूबा किशोर
निचली गंग नहर में नहाते समय पैर फिसल जाने से किशोर डूब गया। इससे परिजनों में हड़कंप मच गया। करीब बीस घंटे बाद उसका शव मिला। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर हंगामा काटा। मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन ने परिजनों को समझा बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कानपुर नगर के बिल्हौर थाना क्षेत्र के औरोतारपुर गांव निवासी रामजी (13) पुत्र राजू अपने मौसा ठठिया थाना क्षेत्र के सुमेरपुर गांव निवासी सुदामा प्रसाद के घर आया था। यहां 30 मई को उसकी मौसेरी बहन की बारात आनी है। शनिवार की शाम 05 बजे के करीब वह मित्रों के साथ नहर में नहाने चला गया। इस दौरान अड्डापुर्वा गांव के सामने वह डूब गया। साथ में नहा रहे किशोरों की चीख पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और खोजबीन करने लगे। किशोर का सुराग न मिलने पर परिजनों ने जमकर हंगामा काटा।
मौके पर पहुंचीं तहसीलदार नवनीता राय, नायब तहसीलदार भारत कुमार मौर्य ने गोताखोरों को बुलाकर नहर में किशोर की तलाश शुरू करा दी। करीब 20 घंटे बाद रविवार दोपहर गोताखोरों ने ऐमा पुल के पास किशोर का शव बरामद किया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने शव रखकर हंगामा शुरू कर दिया। परिजन मुआवजा की मांग करने लगे।
पुलिस ने काफी समझाया पर परिजनों ने एक न सुनी। मौके पर पहुंचीं तहसीलदार नवनीता राय, नायब तहसीलदार भारत कुमार ने परिजनों को समझाबुझाकर शांत कराया। तहसीलदार के आश्वासन पर परिजनों का आक्रोश शांत हुआ। परिजनों का आक्रोश शांत होने के बाद पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के भेजा।
