बरेली: RBI की मनाही, फिर भी मांग रहे हैं आईडी, भरवा रहे हैं फार्म...जानिए मामला
फोटो- सोमवार को बैंक में नोट बदली व नोट जमा करने के लिए पहुंची भीड़
बरेली, अमृत विचार। दो हजार के नोट बदलने के लिए आने वाले लोगों को तमाम बैंकों में प्रबंधकों और स्टाफ की मनमानी का शिकार होना पड़ रहा है। तमाम लोगों ने इसकी शिकायत भी की है। दरअसल, आरबीआई ने आदेश में स्पष्ट तौर पर कहा है कि 23 मई से लेकर 30 सितंबर तक किसी भी बैंक शाखा में बिना कोई फार्म भरे और आईडी दिए बिना दो हजार के 10 नोट एक बार में बदले जा सकते हैं।
ज्यादातर बैंकों में आरबीआई के इस आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। इन बैंकों का स्टाफ 10 या उससे कम नोट बदलने के लिए भी फार्म भरवा रहा है। फार्म भरने से इन्कार करने पर ग्राहक को वापस किया जा रहा है। इस वजह से ग्राहकों की बैंकों में नोकझोंक भी हो रही है।
कुछ ग्राहकों ने बैंक शाखाओं की इस मनमानी की शिकायत स्थानीय स्तर के साथ उच्च स्तर पर भी की है। लीड डिस्ट्रिक्ट मैनेजर एलडीएम सुषमा के ने बताया कि आरबीआई की गाइड लाइन सभी बैंकों को पालन करना अनिवार्य है।
छुट्टी के बाद बढ़ी भीड़. 15 करोड़ जमा हुए
शनिवार और रविवार को बैंक बंद होने की वजह सोमवार को दो हजार का नोट बदलने और जमा करने वालों की भीड़ बढ़ गई। बैंक अधिकारियों के अनुसार सोमवार को लगभग 3-4 लाख रुपये कीमत के नोट बदले गए हैं और करीब 15 करोड़ से अधिक जमा हुए हैं।
यह भी पढ़ें- बरेली: बिजली कनेक्शन काटकर 68 बकाएदारों को कुर्की का नोटिस भेजा, मचा हड़कंप
