बाजपुर: चाेर ले उड़े ब्लड़ सैंपल से भरा बैग...
बाजपुर, अमृत विचार। अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुल्तानपुर पट्टी में निशुल्क जांच के लिए लिये गए ब्लड सेंपल का बैग रुद्रपुर ले जाते समय बस से चोरी हो गए।मामले को दबाने के लिए मरीजों को पुन: बुलाकर सेंपल लिए गए।
सरकार द्वारा अति. प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र सुल्तानपुर पट्टी में निशुल्क जांच के लिए एक निजी एंजेसी को ठेका दिया गया है जिसके चलते प्रतिदिन जांच हेतु लिए गए सेंपल जिला स्तर पर एकत्र कर पैथोलॉजी लैब ले जाए जाते हैं। मामला गुरुवार रोज का है जब गंभीर बीमारी से ग्रस्त नौ मरीजों द्वारा चिकित्सक की संस्तुति पर विभिन्न जांचों के लिए खून व मूत्र के नमूने दिए थे जिन्हें एक संविदा कर्मी देर शाम एकत्र कर अपने बैग में रखकर रुद्रपुर ले जा रही थी।
बस में भीड अधिक होने के कारण कर्मी द्वारा बैग का बस की रेक में रख दिया। रुद्रपुर में बस से उतरी तो उसका बैग गायब था। जिसकी सूचना स्थानीय सेंपल कलेशन कर्मचारी को दी गई तो हडकंप मच गया और घटना को छुपाने के लिए पूर्व की संस्तुति पर मरीजों को बुलाकर पुन: सेंपल लिए गए।
सैंपल लेने के लिए चंदन लैब की ओर से नियुक्त कर्मचारी पवन कुमार ने बताया कि बस द्वारा सैंपल भेजने की व्यवस्था है। उनके यहां से एक एएनएम रुद्रपुर जाती है कभी-कभी सैंपल उनके हाथ भेज दिए जाते हैं। वहीं सीएमएस डॉ. पंकज माथुर ने बताया कि मामला उनकी जानकारी में नही है। चंदन लैब का सरकार से अनुबंध है। सैंपल कैसे ले जाने हैं यह उनकी जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि हो सकता है कोई धोखे से बैग ले गया हो, क्योंकि सैंपल किसी के काम के नहीं है।
