प्रयागराज : गंगा में स्नान करने गए दो चचेरे भाई डूबे, तलाश में जुटे गोताखोर

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। गंगा में डूबकर मरने वालों की संख्या में न तो कमी आ रही है और न ही प्रशासन घाट पर कोई व्यवस्था कर पा रहा है। रविवार को करछना इलाके में डीहा घाट पर गंगा में स्नान करने गए एक ही परिवार के चार लड़के नदी में डूबने लगे। मौके पर किसी तरह से दो लड़कों को बचा लिया गया लेकिन दो चचेरे भाई गंगा की गहराई में समा गए। गोताखोर नदी में डूबे लड़को की तलाश कर रहे हैं। घटना के बाद मौके पर करछना पुलिस व अधिकारी पहुंच गए। जानकारी घरवालों को मिली तो वह भी घाट पर रोते-बिलखते पहुंच गए। 

जानकारी के मुताबिक करछना के चुप्पेपुर डीहा के रहने वाले राजकुमार प्रजापति के बेटे मनदीप और सत्यदीप और ज्ञानचंद्र प्रजापति के बेटे संकेत और शौर्य, रविवार सुबह सात बजे घर से कुछ दूर डीहा घाट पर गंगा स्नान करने गए हुए थे। चारों लड़के नहा रहे थे तभी पानी की गहराई में जाने की वजह से वह डूबने लगे। पास में स्नान कर रहे व्यक्ति ने शौर्य और सत्यदीप को किसी तरह खींचकर पकड़ लिया और बाहर निकाल लिया। जबकि 15 वर्षीय संकेत प्रजापति और उसका चचेरा भाई मनदीप प्रजापति पानी मे डूब गए। दोनो के डूबने के बाद शोर मचा तो गांव के लोग दौड़कर घाट पर पहुंच गए। गोताखोरों ने गंगा में दोनों चचेरे भाइयों की तलाश शुरू कर दी। शहर से भी जल पुलिस के साथ गोताखोरो को बुलाया गया। दोनों बच्चों को लगातार गोताखोर तलाश करने का प्रयास कर रहे हैं। 

बता दें कि संकेत प्रजापति स्थानीय वेदिक इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा नौ पड़ता है। वह दो भाइयों में बड़ा है। उसके पिता कोल्हापुर महाराष्ट्र में खुद की कंपनी खोलकर व्यापार करते हैं। पूरा परिवार गांव में ही रहता है। घटना की सूचना मिलने पर संकेत की मां सुनीता देवी घाट पर रोते हुए बेसुध पहुंच गई। मनदीप की मां रामसखी भी अपने बेटे को ढूंढने गंगा किनारे पहुंच गई। कुछ लोगो ने उनको पकड़ कर बैठा दिया। उधर ज्ञानचंद्र प्रजापति बेटे के डूबने की खबर पहुंचने पर गांव के लिए चल दिए।

मनदीप प्रजापति (15) पुत्र राजकुमार प्रजापति पूर्व माध्यमिक विद्यालय में कक्षा आठ का छात्र है। मनदीप के पिता पचदेवरा में फोटो स्टेट की दुकान चलाते हैं। मनदीप चार भाइयों में तीसरे नंबर का था। ग्रामीणों ने बताया कि चारों लड़के एक महीने से प्रतिदिन गंगा स्नान करने आते थे।

ये भी पढ़ें -बस्ती : नहाने गई दो बच्चियों की सरयू नदी में डूबने से मौत

संबंधित समाचार