अयोध्या : रामनगरी के दौरे पर आए भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने किया विकास कार्यों का निरीक्षण
अमृत विचार, अयोध्या । भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना ने कहा कि 1992 में कारसेवा के दौरान अयोध्या आया था। तब से अब आने का सौभाग्य मिला है। राम मंदिर को देख कर गर्व महसूस हो रहा है। रामलला जब मंदिर में विराजमान होंगे तो पूरा देश राम मय हो जाएगा। अविनाश राय बुधवार को अयोध्या दौरे पर पहुंचे थे। रामलला और हनुमानगढ़ी में दर्शन-पूजन करने के बाद उन्होंने अयोध्या के विकास कार्यों का निरीक्षण भी किया।
रेलवे स्टेशन, हवाई अड्डा व गुप्तार घाट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम लला का भव्य मंदिर, आधुनिकतम सुविधाओं से लैस रेलवे स्टेशन, अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा निर्मित होने से अयोध्या नगरी अंतरराष्ट्रीय पर्यटन के मानचित्र पर अपनी आभा बिखेरेगी। सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर विकास कार्यों को देखने, योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद, व्यापारी तथा प्रबुद्ध वर्ग के लोगों के साथ सम्पर्क का कार्यक्रम बनाया गया है।
सांसद लल्लू सिंह ने कहा सरकार द्वारा अयोध्या के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी जा रही है। अयोध्या आगमन पर ही पर्यटक को विश्वस्तरीय पर्यटन नगरी पहुंचने का अहसास होगा। पर्यटन बढ़ाने के साथ ही रोजगार में वृद्धि होगी। अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ बिना किसी भेदभाव के पहुंचा है। निरीक्षण के दौरान पूर्व विधायक मिल्कीपुर बाबा गोरखनाथ ने भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अविनाश राय खन्ना को स्मृति चिह्न भेंट किया। इस दौरान महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, निवर्तमान महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, विधायक वेद गुप्ता,
महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा, जिलाध्यक्ष संजीव सिंह आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें - अयोध्या : अपर जिला जज ने लिया कारागार का जायजा, दी बौद्धिक विकास के लिए मोटिवेट करने की हिदायत
