रुद्रपुर: खमरिया में प्रशासन, जिला पंचायत व प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड का छापा
रुद्रपुर, अमृत विचार। प्रशासन, जिला पंचायत और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम ने किच्छा रोड स्थित पक्की खमरिया में एक फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान टीम को फैक्ट्री से 2700 बंडल प्लास्टिक, 27 कट्टे गिलास, 7 प्लास्टिक रोल की बरामद की। इसके अलावा टीम ने तीन गिलास बनाने की मशीनों को भी सील किया है। इसके अलावा फैक्ट्री को भी सील कर दिया गया है।
बुधवार को दोपहर बाद एडीएम जयभारत सिंह के नेतृत्व में तहसीलदार पूजा शर्मा, जिला पंचायत के अधिकारियों के साथ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम पक्की खमरिया पहुंची। यहां टीम ने ग्राम कुररैया मझरा पक्की खमरिया में खुशबू इंडस्ट्री का निरीक्षण किया।
इस दौरान टीम को फैक्ट्री के मुख्य गेट में ताला लगा मिला, जबकि पिछला गेट खुला मिला। टीम ने जब फैक्ट्री के अंदर प्रवेश किया तो वहां 11 महिला और 3 पुरुष श्रमिक काम करते हुए मिले। इसके अलावा दो अन्य लोग भी मिले जो अपने अपने को फैक्ट्री का मालिक बता रहे थे।
इस दौरान टीम को फैक्ट्री में रखा 4300 बंडल प्लास्टिक गिलास, एक बंडल में 40 प्लास्टिक के गिलास मिले। इसके अलावा 27 कट्टे प्लास्टिक के गिलास सात प्लास्टिक रोल बरामद हुए। इस दौरान टीम ने फैक्ट्री में गिलास बनाने वाली तीन मशीनों को भी सील कर दिया है। जिला पंचायत के कार्याधिकारी हरिमोहन ने बताया कि एक सप्ताह बाद फैक्ट्री स्वामी को नोटिस भेजा जाएगा।
यहां बता दें कि विगत दिनों भी टीम ने शिमला पिस्तौर स्थित एएच इंडस्ट्री में छापा माराकर 293 कॉटन, एक ट्रक प्रतिबंधित प्लास्टिक का कचरा बरामद कर कंपनी को सील कर दिया था। टीम में क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड नरेश गोस्वामी, जिला पंचायत के कनिष्ठ अभियंता मोहन सिंह बिष्ट, मनीष सहगल, लाखन सिंह बिष्ट, गोदावरी राठौर, राधे सिंह राणा आदि शामिल रहे।
फैक्ट्री स्वामी पर 5 लाख रुपये लगेगा जुर्माना
रुद्रपुर। जिला पंचायत के अधिकारियों के अनुसार फैक्ट्री में पकड़े माल को जब्त कर लिया गया है। एक सप्ताह बाद फैक्ट्री स्वामी को नोटिस भेजा जाएगा। इसमें फैक्ट्री स्वामी पर पांच लाख रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा या फिर एफआईआर दर्ज की जाएगी।
पक्की खमरिया में एक फैक्ट्री का औचक निरीक्षण किया गया। यहां प्लास्टिक के गिलास बनाये जा रहे थे। टीम ने कार्रवाई कर प्लास्टिक का सामान जब्त कर फैक्ट्री को सील कर दिया गया है।
-जय भारत सिंह, अपर जिलाधिकारी, ऊधमसिंह नगर
