पीलीभीत: दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराया तो शोहदे ने की छेड़छाड़, रिपोर्ट दर्ज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीलीभीत, अमृत विचार। शोहदे की दोस्ती का प्रस्ताव ठुकराना एक युवती को महंगा पड़ गया। इससे गुस्साए शोहदे ने अभद्रता करते हुए युवती से ईको में बैठते समय छेड़छाड़ की। विरोध करने पर युवती की पिटाई भी कर दी। पहले कोतवाली पुलिस मामले को टाल गई। अब एसपी के आदेश पर नामजद रिपोर्ट दर्ज की गई है।

कोतवाली क्षेत्र की रहने वाली एक युवती ने दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि वह बरेली में एक प्राइवेट कंपनी में नौकरी करती है। घर से रोजाना आना जाना रहता है। आरोप है कि यह जानकारी कोतवाली क्षेत्र के ही झंडे वाला चौराहा निवासी ऋषिक पाठक को हो गई। वह कई दिनों से पीछा करने लगा और फब्तियां कसता।

इसे पीड़िता नजरअंदाज करती रही। फिर शोहदे की हरकत बढ़ती चली गई। अश्लील इशारे कर दोस्ती करने का दबाव बनाने लगा। मना करने पर जान से मारने और बदनाम करने की धमकी दे डाली। चार जून को वह बरेली जाने के लिए नौगवां चौराहे पर ईको में सवार हुई।

इसी दौरान आरोपी भी ईको में बैठ गया और अश्लील हरकत करने लगा। विरोध करने पर मारपीट की गई। घटना की उसी वक्त पुलिस से शिकायत की गई, लेकिन कोतवाली पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। पीड़िता ने एसपी से मिलकर पूरी घटना बताई। उसके बाद अब कार्रवाई हो सकी है। कोतवाल नरेश त्यागी ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: हत्या के खुलासे को लेकर खूब चक्कर लगाए और छूटती गई उम्मीद, जानिए पूरा मामला 

संबंधित समाचार