Kedarnath Dham Yatra: बाबा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा

Kedarnath Dham Yatra: बाबा के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं को मिलेगी इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा

रुद्रप्रयाग, अमृत विचार। बाबा केदारनाथ के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं के एक अच्छी खबर है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए इलेक्ट्रिक वाहन की सुविधा मिलेगी। जो बेस कैंप से जीएमवीएन स्वर्गारोहिणी तक संचालित होंगे। दूसरे चरण के पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण होते ही धाम में वाहन का ट्रायल शुरू किया जायेगा। 

इलेक्ट्रिक वाहन के आने से पर्यावरण संरक्षण के साथ बुजुर्ग, बच्चों, महिलाओं व दिव्यांग श्रद्धालुओं को मंदिर तक आने-जाने की सुविधा होगी। पहले चरण में यहां दो इलेक्ट्रिक वाहन संचालित किये जायेगें। वाहन के संचालन के लिए गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग को बेस कैंप से स्वर्गारोहिणी तक सुरक्षित किया जाएगा।

आने वाले दिनों में केदारनाथ पहुंचने वाले श्रद्धालु ऑल टेरेन व्हीकल से भी सवारी कर सकेंगे। यह वाहन बेस कैंप से स्वर्गारोहिणी, हेलिपैड से संगम होते हुए सरस्वती नदी किनारे बने आस्था पथ तक संचालित होगा। साथ ही एमआई-17 हेलिपैड से शिव उद्यान तक चलाया जाएगा। बता दें कि केदारनाथ पुनर्निर्माण में वाहन ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

रुद्रप्रयाग जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि केदारनाथ धाम में इलेक्ट्रिक व्हीकल वाहन संचालन की योजना है जिसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा। वाहन बेस कैंप से स्वर्गारोहिणी तक संचालित होंगे। साथ ही एटीवी भी संचालित की जाएगी जिससे केदारपुरी में जरूरतमंद यात्रियों को सुलभ तरीके से मंदिर तक पहुंचाया जा सके।

यह भी पढ़ें- Kichcha News: दावत के नाम पर धर्मांतरण का आरोप, हिरासत में चार लोग, दो फरार