सावधान : अब शहर के सीसीटीवी काटेंगे वाहनों के चालान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आईजी के आदेश पर शहर में लागू हुई नई व्यवस्था, पता भी नहीं लगेगा और चालान पहुंच जाएगा घर

हल्द्वानी, अमृत विचार। पुलिस, सीपीयू और यातायात पुलिस की नजर तो पहले ही आप पर थी, लेकिन अब जगह-जगह लगे सीसीटीवी भी आप पर नजर रखेंगे। अगर आप शहर में किसी वाहन पर सवार हैं तो आपको जरूर सावधान होने की जरूरत है। क्योंकि चालान अब सिर्फ पुलिस, सीपीयू और यातायात पुलिस ही नहीं करेगी, बल्कि शहर में जगह-जगह लगे सीसीटीवी भी करेंगे। 

आपको बता दें कि गुजरे कुछ माह में पुलिस ने पूरे शहर और शहर की सीमाओं को सीसीटीवी से लैस कर दिया गया। इन सीसीटीवी की कंट्रोल रूम पुलिस बहुउद्देशीय भवन में है और अब इस कंट्रोल रूम को और भी ज्यादा हाईटेक बनाया जा रहा है। कंट्रोल रूम की एक बड़ी डिजिटल वॉल पर पूरे शहर को एक साथ देखा जा सकेगा।

ऐसे में शहर की यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने करने के लिए पुलिस ने एक कदम आगे बढ़ाते हुए शहर के सीसीटीवी का उपयोग चालान के लिए भी करना शुरू कर दिया। शहर में जो सीसीटीवी लगे हैं, वह न सिर्फ दूर तक देख पाने में सक्षम हैं, बल्कि सुन पाने की क्षमता भी इनमें है।

सुगम यातायात को लेकर गंभीर और इन दिनों लगातार यातायात की समीक्षा कर रहे आईजी डॉ.निलेश आनंद भरणे ने निर्देश दिए हैं कि कंट्रोल रूम से शहर के यातायात पर नजर रखी जाए। सीसीटीवी में नजर आने वाले बगैर हेलमेट सवार, बिना बेल्ट के कार चलाने वालों का वाहन नंबर चिह्नित कर चालान किया जाएगा और चालान सीधे घर भेज दिया जाएगा। चालान की व्यवस्था केवल हेलमेट और सीट बेल्ट न लगाने वालों के लिए नहीं बल्कि उनके लिए भी है जो शहर में यहां-वहां अपने वाहन खड़े कर देते हैं। 


बॉटल नेक पर रहेगी पुलिस की पैनी नजर

बॉटल नेक यानी सिंधी चौक से लेकर ओके होटल तक की सड़क पर पुलिस की पैनी नजर होगी। इस सड़क पर कई स्थान पर सीसीटीवी लगे हैं और कालू सिद्ध तिराहा सीधे पुलिस के सीसीटीवी कंट्रोल रूम से जुड़ा है। घुमावदार और बेहद संकरी होने की वजह से पुलिस ने इस सड़क पर बॉटल नेक के तौर पर चिह्नित किया है। इस सड़क के फुटपाथ पर लगनी वाली दुकानों, किनारों पर लगने वाले ठेलों के साथ वाहन सवार पुलिस की नजर में होंगे। 


ट्रैफिक आई एप से आप भी करें चालान

अगर आप पुलिस वॉलिंटियर्स के तौर पर काम करते हैं तो आईजी ऑफिस से संपर्क कर सकते हैं और पुलिस के साथ मिलकर अपराध और सुगम यातायात के लिए काम कर सकते हैं। इसके अलावा इस काम में आम नागरिक भी भागीदारी कर सकते हैं। गूगल प्ले स्टोर से उत्तराखंड पुलिस का ट्रैफिक आई एप डाउनलोड कीजिए। इस ऐप के जरिये आप शहर में कहीं भी बेतरतीब खड़े, जाम की वजह बने वाहनों की फोटो खींचकर डालें और चालान करा सकते हैं। 


सुगम यातायात के पुलिस हम प्रतिबद्ध हैं और शहर में लगने वाले जाम को जड़ से खत्म किया जाएगा। पुलिस बहुउद्देशीय भवन में लगे पुलिस सीसीटीवी कंट्रोल रूम का उपयोग भी चालान के लिए किया जाएगा। इसके लिए कंट्रोल रूम में एक अतिरिक्त पुलिस कर्मी को तैनात किया जा रहा है। 
-डॉ. निलेश आनंद भरणे, आईजी कुमाऊं

 

संबंधित समाचार