पीलीभीत: घंटों इंतजार कराने के बाद आए साहब, फरियादियों ने जताई नाराजगी
पीलीभीत, अमृत विचार। थाना स्तर पर अनसुना करने के बाद न्याय की आस लिए दूर दराज क्षेत्रों में तमाम फरियादी पुलिस लाइन एसपी कार्यालय पहुंचे। मगर, यहां पर भी उन्हें अपनी पीड़ा अफसरों के सामने रखने में घंटों इंतजार करना पड़ा। वार्षिक निरीक्षण को आए एडीजी के साथ स्थानीय अधिकारी व्यस्त रहे। नतीजतन पूर्वान्ह की बजाए दोपहर में शिकायतें सुनी गई। ऐसे में कुछ फरियादियों ने नाराजगी भी जताई।उनका कहना था कि अगर वरिष्ठ अधिकारी निरीक्षण को आए भी थे तो किसी एक अफसर को जन सुनवाई की जिम्मेदारी दे दी जानी चाहिए थी।
एडीजी बरेली जोन पीसी मीणा बृहस्पतिवार को पीलीभीत पहुंचे। उन्होंने सीओ सदर कार्यालय, एएसपी कार्यालय, जिला नियंत्रण भवन, विशेष जांच प्रकोष्ट, आंकिक कार्यालय समेत पुलिस लाइन स्थित अन्य कार्यालयों का निरीक्षण किया। एसपी कार्यालय का निरीक्षण करने में करीब पौन बज गए। एसपी समेत अन्य अधिकारी एडीजी के निरीक्षण के दौरान उनके साथ ही व्यस्त हो गए।
इधर, समस्या लेकर पहुंचे फरियादियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। कई फरियादी तो बैरंग ही लौट गए। कुछ फरियादियों से बात की गई तो उनका कहना था कि वह नौ बजे के बाद आ गए थे। मगर अभी तक अधिकारी से मुलाकात नहीं हुई है।
दोपहर करीब सवा बजे एडीजी और एसपी अतुल शर्मा एनआईसी में वीडियो कांफ्रेंसिंग के लिए चले गए। फिर जाकर एएसपी अनिल कुमार यादव ने फरियादियों की सुनवाई की। उधर, निरीक्षण के दौरान एडीजी ने अभिलेखों की गहनता से जांच की। पत्रावलियों को तरकीब से रखने, कार्यालय में साफ सफाई रखने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: किशोरी को बहला फुसलाकर ले गया युवक, पिता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
