हल्द्वानी: उत्तराखंड स्टेट सीनियर तैराकी ट्रायल में 40 तैराकों ने लिया भाग
हल्द्वानी, अमृत विचार। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम के तरणताल में शुक्रवार को सीनियर उत्तराखंड स्टेट तैराकी चयन ट्रायल पूरा किया गया। इस चयन ट्रायल में उत्तराखंड राज्य से करीब 40 बालक एवं बालिकाओं ने सहभागिता की।
उत्तराखंड तैराकी एसोसिएशन की महासचिव व भारतीय तैराकी संघ की सह सचिव सीमा मेहरोत्रा ने बताया कि इस चयन ट्रायल के आधार पर हैदराबाद में 2 से 5 जुलाई तक आयोजित होने वाली सीनियर राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए उत्तराखंड तैराकी टीम का गठन किया जाएगा।
वहीं, चयन ट्रायल में चुने गए खिलाड़ियों के नाम की घोषणा एक सप्ताह बाद कमेटी की ओर से की जाएगी। इस मौके पर पूनम सिरोला, ललित सिरोला, सुशांत सक्सेना, पूरन सिंह नयाल समेत कई लोग उपस्थित रहे।
