मुरादाबाद : हमलावरों ने युवक को मारी गोली, हालत नाजुक...मौके पर मिले दो तमंचे
मुरादाबाद। हमलावरों ने शुक्रवार सुबह एक युवक को फोन करके घर से बुलाया और फिर उसे गोली मारी दी। नाजुक हालत में युवक को कॉसमॉस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि आरोपी की तलाश में पुलिस छापामारी कर रही है। उसे जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।
घटना कटघर थाना क्षेत्र में ताजपुर मिलक गांव की है। यहां रहने वाले शेर सिंह का कहना है कि उनके सात बेटों में चौथे नंबर का नकुल (24 साल) शुक्रवार सुबह डीजल लेने के लिए पेट्रोलपंप पर गया था। वहां से लौटा तो घर आकर चाय पीने लगा। तभी उसके मोबाइल पर एक कॉल आई। जिसे सुनता हुआ नकुल बाहर चला गया। थोड़ी देर बाद परिजनों को सूचना मिली कि नकुल को किसी ने गोली मार दी है और वह घर से 500 मीटर दूर सड़क पर खून से लथपथ पड़ा है।
परिजन दौड़कर मौके पर पहुंचे तो जख्मी नकुल के पास ही दो तमंचे भी पड़े थे। नकुल के पिता शेर सिंह ने कहा कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि घायल नकुल ने पुलिस को बताया है कि उसे उसी के परिचित संजय नाम के युवक ने गोली मारी है। नकुल ने बताया है कि संजय का किसी लड़की से अफेयर चल रहा था। इसे लेकर उसने संजय से टोकाटाकी कर दी थी। इसी बात को लेकर संजय उससे खफा रहने लगा था।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मकान खाली कराने के नाम पर 20 हजार लेने वाला सिपाही लाइन हाजिर, डीआईजी ने की कार्रवाई
