रुद्रपुर: पुलिस वाला बता मजदूर से नकदी और मोबाइल लूटा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

रुद्रपुर, अमृत विचार। रंपुरा चौकी इलाके में खुद को पुलिस वाला बताकर एक मजदूर से नकदी और मोबाइल लूटने का मामला सामने आया है। पीड़ित का आरोप था कि रंपुरा चौकी पुलिस को सूचना देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं पुलिस ने घटना की जानकारी से इनकार किया है।

जानकारी के अनुसार मूल रूप से पीलीभीत निवासी अनुज कुमार ने बताया कि वह मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करता है और थाना ट्रांजिट कैंप स्थित किराए के मकान में रहता है। अनुज के अनुसार शुक्रवार की रात आठ बजे वह रेशमबाड़ी से मजदूरी कर घर वापस लौट रहा था कि अचानक खेड़ा बस्ती स्थित किच्छा बाईपास मार्ग पर धार्मिक स्थल के पास दो व्यक्तियों ने उसे रोक लिया और खुद को पुलिस वाला बताते हुए पुलिसिया रौब अंदाज में उसे फटकार लगानी शुरू कर दी।

आरोप था कि पूछताछ और आधार कार्ड दिखाने के बाद भी आरोपियों ने उसकी जेब में रखी 1400 रुपये की नकदी और मोबाइल लूट लिया। जब उसने इसका विरोध कर हंगामा काटा तो दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। उसने स्थानीय लोगों के अलावा रंपुरा चौकी जाकर मामले की शिकायत की।

मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। उधर रंपुरा चौकी प्रभारी केसी आर्या ने बताया कि इस प्रकार की घटना की कोई जानकारी नहीं है। यदि पीड़ित शिकायती पत्र लेकर आता है तो घटना की जानकारी जुटा आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार