Nainital News: नैनीताल में जल्द बनेगी हाइड्रोलिक कार पार्किंग, पर्यटकों और स्थानीय लोगों को मिलेगा लाभ
गौरव जोशी, नैनीताल, अमृत विचार। नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान लगने वाले जाम से पर्यटकों और स्थानीय लोगों को निजात दिलाने के लिए जिला विकास प्राधिकरण शहर के नेशनल होटल के पास हाइड्रोलिक कार पार्किंग निर्माण करने जा रहा है। इससे नैनीताल आने वाले पर्यटकों समेत स्थानीय लोगों को जाम के झाम से नहीं जूझना पड़ेगा।
कार पार्किंग निर्माण के लिए भूमि का चयन और अन्य कार्य पूर्ण कर प्रस्ताव बनाकर शासन को भेज दिया है। जल्द ही शहर के नैनीताल- हल्द्वानी राजमार्ग के किनारे 100 से अधिक वाहनों के लिए हाइड्रोलिक कार पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
जिला विकास प्राधिकरण सचिव पंकज उपाध्याय ने बताया कि जिला विकास प्राधिकरण ने एनएचएआई की कार्यदायी संस्था एनएचआई-डीसीएल को कार पार्किंग निर्माण के लिए डीपीआर बनाने के निर्देश दिए थे। जिसे कार्यदाई संस्था ने बनाकर प्राधिकरण को दिया है। प्राधिकरण ने डीपीआर को मंजूरी के लिए शासन के पास भेजा है। डीपीआर को मंजूरी मिलते ही नैनीताल में हाइड्रोलिक कार पार्किंग का निर्माण शुरू कर दिया जाएगा।
बताते चलें कि नैनीताल में पर्यटन सीजन के दौरान जाम की स्थिति बनती है, जिससे स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। लंबे समय से राज्य सरकार समेत जिला प्रशासन पार्किंग की समस्या को हल करने की कवायद में जुटा हुआ है।
इसी दिशा में जिला विकास प्राधिकरण की ओर से तल्लीताल में नेशनल होटल के पास पार्किंग का निर्माण कराने के लिए जगह चिह्नित की है। इसके लिए कार्यदायी संस्था एनएचआई-डीसीएल ने पार्किंग निर्माण के लिए डीपीआर बनाई है। इसके अलावा जिलाधिकारी कार्यालय के पास बहुमंजिला कार पार्किंग निर्माण का काम चल रहा है जिसे दो महीने में तैयार कर लिया जाएगा।
