बाजपुर: जानलेवा हमला और नकदी-मोबाइल छीनने का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाजपुर, अमृत विचार। भोना इस्लामनगर निवासी एक युवक ने मंडी के पास रास्ते में रोक कर जानलेवा हमला करने के साथ ही साइकिल, मोबाइल और 10 हजार रुपये की नकदी छीन ले जाने का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर सौंपी है।

मंगलवार को घायलावस्था में कोतवाली पहुंचे भोना इस्लामनगर निवासी रिंकू पुत्र रामधन ने मौके पर मौजूद एसआई प्रकाश चंद्र को तहरीर देकर बताया कि 12 जून की रात करीब साढ़े 10 बजे वह अपनी साइकिल से घर जा रहा था। आरोप है कि इसी बीच मंडी में दो अज्ञात युवकों ने उसका रास्ता रोक लिया और बेवजह गाली-गलौज करते हुए जानलेवा हमला बोल दिया। हमले में उसका सिर फटने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गया।

आरोप है कि हमलावर उसकी साइकिल, मोबाइल व 10 हजार रुपये की नकदी छीनकर फरार हो गए। इतना ही नहीं इस बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई है। वहीं समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। अलबत्ता पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

संबंधित समाचार