हल्द्वानी: गाय से कुकर्म, मुंह काला कर हाफिज को किया गंजा, बाजार घुमाया
घटना से आक्रोश, सैकड़ों की भीड़ सड़क पर उतरी, 4 घंटे तक भीड़ ने किया हंगामा
आरोपी की कमलुवागांजा में फर्नीचर की किराए की दुकान
हल्द्वानी, अमृत विचार। हाफिज के कुकर्म ने बुधवार को शहर का माहौल खराब कर दिया। उसने खेत चर रही गाय को बांध कर उसके साथ कुकर्म किया। लोगों ने देखा तो आरोपी भाग खड़ा हुआ, लेकिन पकड़ा गया। खबर पर सैकड़ों की भीड़ और हिंदूवादी संगठन सड़क पर आ गए। आरोपी को जमकर पीटा गया।
उसे गंजा किया गया और मुंह काला कर बाजार में घुमाया। न सिर्फ उसकी दुकान में तोड़फोड़ की गई, बल्कि बड़ी संख्या में मौजूद विशेष समुदाय की दुकानों को बंद करा दिया गया। बड़े बवाल की सूचना पर कई थानों का पुलिस बल मौके पर पहुंच गया और करीब 4 घंटे चले हंगामे को किसी तरह शांत किया गया। मुखानी पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।
मूलरूप से बालक-बालिका स्कूल बस्ती स्वार रामपुर उत्तर प्रदेश निवासी हाफिज (25) पुत्र रफीक यहां बरेली रोड उत्तर उजाला में रहता है और कमलुवागांजा चौराहे किराए की दुकान में फर्नीचर का काम करता है। बताया जाता है कि पेशे से बढ़ई हाफिज बुधवार दोपहर करीब 1 बजे दुकान की ओर लौट रहा था।
वह अभी बच्चीनगर एक पहुंचा था कि तभी उसकी निगाह बगीचे में चर रही गाय पर पड़ी। हाफिज ने सड़क किनारे बाइक खड़ी की और गाय के पास पहुंच गया। उसने गाय को रस्सी से बांधा और उसके साथ कुकर्म करने लगा। गाय लामाचौड़ प्रेमपुर नवाड़ निवासी महेश चंद्र पुत्र चरण सिंह की थी। उन्होंने गाय को चरने के लिए खेत में छोड़ा था और जब गाय की तलाश में गए तो देखा कि बगीचे एक युवक उसके साथ कुकर्म कर रहा है।
उसने शोर मचाया तो आरोपी पैंट बांधते हुए भाग खड़ा हुआ। शोर सुनकर लोग आरोपी के पीछे पड़ गए और उसे कमलुवागांजा चौराहे के पास दबोच लिया। यहीं आरोपी की दुकान थी, जिसके बाद सूचना पाकर हिंदूवादी संगठन भी मौके पर पहुंच गए। भारी भीड़ ने पहले तो आरोपी की दुकान में तोड़फोड़ की और फिर आरोपी हाफिज को बुरी तरह पीटा। बीच सड़क उसे गंजा किया गया और फिर मुंह काला कर आस-पास के बाजार में घुमाया गया।
ये खबर कुछ ही देर में पूरे शहर में आग की तरह फैल गई और मौके पर आम लोगों के साथ बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठन मौके पर पहुंच गए। इधर, घटना की खबर मिलते ही मौके पर कई थानों का पुलिस बल और सीओ लालकुआं संगीता मौके पर पहुंच गईं। बमुश्किल आरोपी को लोगों के चंगुल से छुड़ाया गया, लेकिन लोगों का गुस्सा शांत नहीं हुआ। बाइक पर सवार आक्रोशित लोगों की दो अलग-अलग टोली लामाचौड़ से लेकर कमलुगांजा, कठघरिया से लेकर ब्लॉक ऑफिस तक, भगवानपुर और बच्चीनगर में विशेष समुदाय से ताल्लुक रखने वालों की दुकानें बंद कराना शुरू कर दी।
करीब 4 घंटे तक चले हंगामे के बाद शाम करीब 5 बजे पुलिस ने बमुश्किल लोगों को समझाबुझा कर शांत कराया, आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने महेश चंद्र की तहरीर पर आरोपी हाफिज के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 और आईपीसी की धारा 377 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
