पीलीभीत: भाजपा की डबल इंजन सरकार तराई में लाई औद्योगिक क्रांति..राज्यमंत्री ने खूब गिनाईं उपलब्धियां
पीलीभीत, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना विकास एवं चीनी मिल राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार ने कहा कि भाजपा की डबल इंजन सरकार बनने के बाद नेपाल और उत्तराखंड की सीमा सेट जनपद पीलीभीत में औद्योगिक क्रांति आई है। विकास के काम कागजों में नहीं बल्कि धरातल पर हुए हैं। वह भी बिना भेदभाव। सड़कों का जाल बिछाया गया, जिसमें एक गांव का नाम लेते हुए कहा कि वहां की कीचड़ भी साफ हो गई। वह गुरुवार को केंद्र की मोदी सरकार के नौ साल पूरे होने पर एक होटल में प्रेसवार्ता कर उपलब्धियां गिना रहे थे। शिक्षा क्षेत्र में हुए कामों को गिनाने के साथ ही कहा कि जहां पर पिछली सरकारों में स्कूलों की जगह पर जुए के अड्डे बना दिए गए थे अब वहां वापस शिक्षा के मंदिर संचालित हो रहे हैं।
उपलब्धियां गिनाते हुए उन्होंने बताया कि 350 करोड़ से अधिक की लागत का मेडिकल कॉलेज की सौगात जनपद वासियों को भाजपा की सरकार में मिली है। सदर विधानसभा क्षेत्र में ही 100.46 करोड़ रुपये से सड़क निर्माण, मरम्मत कार्य, गड्ढा मुक्ति आदि कराए गए। जहानाबाद से शाही की सड़क 15 साल से जर्जर थी तो कैमोर-ड्यूनी डैम मार्ग 25 साल बाद भाजपा की सरकार आने पर ही बन सका।
इसके अलावा पार्क, चौराहों के सौंदर्यीकरण को भी खूब गिनाया। कहा कि पिछली सरकारों में जो नेहरू पार्क धरना पार्क बनकर रह गया था उसका अस्तित्व वापस लाने का काम किया गया। एकता सरोवर और राजघाट पार्क को भी शहर के सौंदर्यीकरण से जोड़कर बताया। उन्होंने कहा कि खकरा पुलिस चौकी से मझोला तक की 21 किमी की सड़क भी जल्द 56 करोड़ की लागत से बनेगी। अमरिया में 350 करोड़ की लागत से बिजली उपकेंद्र दिया गया। नौगवां पकड़िया को नगर पंचायत का दर्जा दिलाया गया।
मुख्यमंत्री सहायता कोष से पांच करोड़ से अधिक की मदद उपचार में दी गई। पुलिस के लिए छह मंजिला और दूसरी इमारत 12 मंजिला तैयार कराई गई है। बोले-सपा की सरकारों में भरा पचपेड़ा की उस जमीन जिस पर नौजवानों का भविष्य बनता, उस पर सपा के गुंडे कब्जा कर खेती करते थे। उसे खाली कराकर अब एशिया का सबसे बड़ा 1400 करोड़ का निवेश लगाकर प्लांट लगाया जा रहा है। रेशम फैक्ट्री चालू कराई गई।
दस हजार से अधिक युवाओं का रोजगार से जोड़ा गया। स्वास्थ्य सेवाओं को संसाधन मुहैया कराए गए। खिलाड़ियों के लिए भी कई काम गिनाए। अमरिया का आईटीआई कॉलेज, इंटर कॉलेज आदि काम गिनाए। इसके अलावा किसान, महिला कल्याण, क्राइम कंट्रोल आदि विषय पर भी खुलकर बात रखी।
ये भी पढ़ें- पीलीभीत: बिना सैंपल के आई रिपोर्ट, अफसर दबा गए..अब न्यायालय पहुंचा मामला
