हल्द्वानीः हर विद्यार्थी को मिलेगा महाविद्यालयों में प्रवेश, 10 महाविद्यालयों के एक साथ मिलने से प्रवेश में सहूलियत
हल्द्वानी, अमृत विचार। एक प्रवेश, एक परीक्षा प्रणाली के तहत 'समर्थ पोर्टल' से चली ऑनलाइन प्रवेश पंजीकरण के तहत इस बार सभी विद्यार्थियों को महाविद्यालयों में स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश दिया जाएगा। समर्थ पर एक साथ 10 महाविद्यालयों के प्रवेश विकल्प से प्रवेश पाना आसान हो गया है।
सीटों की कमी के कारण महाविद्यालयों में प्रवेश न मिलने से कई विद्यार्थी उच्च शिक्षा लेने से वंचित रहे जाते थे। मगर इस बार ऐसा नहीं होगा। विद्यार्थी स्वयं पोर्टल के जरिए सीटों की जानकारी ले सकेंगे। महाविद्यालयों की ओर से प्रवेश के लिए मेरिट सूची जारी होने के बाद यदि उन्हें पसंदीदा कॉलेज में प्रवेश नहीं मिलता है, तो वह दूसरे कॉलेज में प्रवेश ले सकते हैं।
जबकि पूर्व में महाविद्यालयों के पोर्टल पर जाकर छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए ऑनलाइन पंजीकरण कराना पड़ता था। एक महाविद्यालय का प्रवेश विकल्प चुनने से सीटें भरने पर उन्हें प्रवेश नहीं मिल पाता था, लेकिन इस बार समर्थ पोर्टल के जरिए प्रवेश के लिए एक साथ दस महाविद्यालयों का ऑप्शन दिया गया है।
'समर्थ पोर्टल' के नोडल अधिकारी डॉ. चमन कुमार ने बताया कि इस बार महाविद्यालयों में प्रवेश से कोई भी विद्यार्थी वंचित नहीं रहेगा। प्रवेश के लिए एक साथ 10 महाविद्यालयों का विकल्प होने से किसी भी महाविद्यालय में विद्यार्थियों को प्रवेश मिल जाएगा।
उन्होंने बताया कि उक्त प्रवेश पंजीकरण प्रक्रिया में कोई भी विद्यार्थी वंचित न हो इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसलिए प्रत्येक विश्वविद्यालय के नोडल अधिकारी की सूचना समर्थ पोर्टल पर अंकित की गई है। इससे समय-समय पर विद्यार्थी को सहायता मिल रही है। साथ ही पंजीकरण शुल्क संबंधी सहायता के लिए बैंक के अधिकारियों की सूचना भी पोर्टल पर दर्शायी गई है।
'समर्थ पोर्टल' पर ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया 24 जून तक चलेगी। इसके बाद महाविद्यालयों में ऑफलाइन प्रवेश होंगे। 20 से 24 जून तक छात्र-छात्राओं को प्रवेश के लिए कराए गए पंजीकरण में अपने डाटा को सुधारने के लिए करेक्शन विंडो प्रारंभ की जाएगी। यानी कि विद्यार्थी अपनी शैक्षिक गतिविधियों या नाम इत्यादि की गलती को सुधार सकते हैं।
यह भी पढ़ें- हल्द्वानीः दो बाइकों की टक्कर में एक की मौत, दूसरे बाइक सवार की हालत गंभीर, एसटीएच में भर्ती
