बरेली कॉलेज में 30 के बाद ही शुरू हो सकेंगे प्रवेश पंजीकरण
अभी टेंडर प्रक्रिया होनी है, प्रवेश नियमावली का भी हो रहा इंतजार
बरेली, अमृत विचार। स्नातक प्रथम सेमेस्टर में प्रवेश के लिए एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर प्रवेश पंजीकरण शुरू हुए तीन दिन हो गए हैं। पंजीकरण कराने वाले छात्रों की संख्या में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है, लेकिन जिले के सबसे प्रमुख कॉलेज में अभी तक पंजीकरण शुरू नहीं हो सके हैं। इसकी वजह है कि 30 जून को एजेंसी का टेंडर होगा। ऐसे में यहां पर देरी से प्रवेश होंगे और इसकी वजह से छात्रों के प्रवेश की संख्या कम हो सकती है। वहीं कॉलेज प्रवेश नियमावली का भी इंतजार कर रहा है।
विश्वविद्यालय ने 17 जून से 6 जुलाई तक पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की तिथि निर्धारित की है। विश्वविद्यालय के पोर्टल पर सोमवार शाम तक करीब चार हजार छात्रों ने प्रवेश पंजीकरण करा लिए थे। विश्वविद्यालय ने महाविद्यालयों को भी प्रवेश संबंधी निर्देश जारी किए हैं। कई महाविद्यालयों ने प्रवेश पंजीकरण शुरू भी कर दिए हैं। बरेली कॉलेज में प्रो. वंदना शर्मा को मुख्य प्रवेश नियंत्रक बनाया गया है। एक समिति बनाई गई है, जिसमें आठ सदस्य बनाए गए हैं। इसके अलावा चार विशेष आमंत्रित सदस्य भी शामिल किए गए हैं।
कॉलेज में 20 जून से सेल्फ फाइनेंस पाठ्यक्रम बीबीए, बीसीए और बीकॉम ऑनर्स और डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू हो जाएंगे, लेकिन प्रमुख पाठ्यक्रम बीए, बीएससी और बीकॉम में प्रवेश में देरी होगी। मुख्य प्रवेश नियंत्रक प्रो. वंदना शर्मा ने बताया कि अभी छात्र विश्वविद्यालय के पोर्टल पर पंजीकरण कर रहे हैं। जल्द ही कॉलेज में भी पंजीकरण शुरू करा दिए जाएंगे। अभी विश्वविद्यालय से प्रवेश नियमावली भी नहीं मिली है।
ये भी पढ़ें- बरेली: मलेरिया का खतरा बढ़ा, 200 के पार पहुंचा मरीजों का आंकड़ा
