शाहजहांपुर: मानदेय देने में खेल कर रही कंपनी, दो दिन नहीं किया कूड़ा उठान
शाहजहांपुर, अमृत विचार। महानगर में घर-घर कूड़ा कलेक्शन में लगे सफाई कर्मियों के मानदेय में कंपनी द्वारा हेरीफेरी करने के विरोध में उत्तर प्रदेशीय सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री प्रदीप कुमार वाल्मीकि के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को नगर निगम दफ्तर के सामने प्रदर्शन किया। गुस्साए कर्मियों ने कंपनी पर गलत ढंग से पीएफ काटने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
मौके पर पहुंची मेयर के सामने कर्मियों ने अपनी समस्या रखी। इसके बाद मेयर ने नगर आयुक्त के साथ बैठक कर निराकरण करने की बात कही। दोपहर बाद नगर आयुक्त के मानदेय में किसी तरह की गड़बड़ी नहीं होने देने के अश्वासन बाद कर्मी मान गए और काम पर वापस लौट गए। दो दिन से बंद डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम बृहस्पतिवार दोपहर बाद शुरू हो सका।
डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का ठेका इस समय एक निजी कंपनी के पास है। कंपनी में लगभग दो सौ कर्मचारी प्रतिदिन डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन का काम करते हैं। बुधवार सुबह कर्मी हड़ताल पर चले गए और कूड़ा उठाने के लिए गाड़ियां घरों पर नहीं पहुंचीं। इसके चलते लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इसके बाद भी कर्मियों की मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में बृहस्पतिवार सुबह लगभग 100 कर्मी नगर निगम में पहुंच गए।
कर्मियों ने आरोप लगाया कि कंपनी की ओर से उन्हें समय से मानदेय नहीं दिया जाता है। बीते दो माह से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। 22 तारीख हो जाने के बाद भी अभी तक बीते माह का मानदेय नहीं मिल सका है। ऐसे में कर्मियों को अपना खर्च चलाना मुश्किल हो रहा है। कर्मी आर्थिक तंगी का शिकार हो रहे हैं। दूसरी ओर कंपनी पीएफ काटने में भी गड़बड़ी कर रही है। कर्मियों से नौ हजार रुपये पर पीएफ काटा जा रहा है और दिखाया जा रहा है पांच हजार पर। कई प्रकरणों में तो कर्मियों का पीएफ काटने के बाद ईपीएफओ में जमा नहीं किया जाता है। कर्मियों के पीएफ का पैसा कंपनी अपने पास रख रही है। जबकि यह पैसा ईपीएफओ में जमा किया जाना चाहिए। कर्मियों ने मांगों को लेकर हंगामा भी किया।
उत्तर प्रदेश सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश महासचिव प्रदीप कुमार बाल्मीकि ने बताया कि नगर निगम में इकत्र हुए कर्मियों ने बताया कि उनके वेतन से पीएफ का पैसा काटा जाता है, लेकिन जमा नहीं किया जाता है और समय पर मानदेय भी नहीं दिया जाता है। मेयर अर्चना वर्मा ने सभी कर्मियों की समस्याओं को सुना और अधिकारियों के साथ इस संबंध में बैठक की।
इसके बाद मेयर ने नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा व अन्य अधिकारियों के साथ अपने कार्यालय में बैठक की। बैठक के बाद नगर आयुक्त ने कर्मियों को अश्वासन दिया कि एक सप्ताह में कर्मियों की समस्याओं का हल कर दिया जाएगा। प्रदीप ने बताया कि अगर इसके बाद भी कर्मियों की समस्याओं का हल नहीं हुआ फिर से कर्मी आंदोलन को बाध्य होंगे। उन्होंने उम्मीद जताई कि जल्द ही कर्मियों की समस्याओं का हल हो जाएगा। इस मौके पर संदीप कुमार, विशाल कुमार, राजवीर सिंह, रईस, अब्दुल्ला, सुल्तान, आशीष, नरेश, रहमान, फुरखान, इस्लाम, समीम आदि कर्मी मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: डीसीबी सभापति-उप सभापति का चुनाव कल
