अल्मोड़ाः डीएम ने अधिकारियों को दिये निर्देश, पंजीकृत आधार केंद्रों का समय-समय पर करें निरीक्षण
अल्मोड़ा, अमृत विचार। जिला स्तरीय आधार मॉनीटरिंग समिति की बैठक शुक्रवार को जिलाधिकारी विनीत तोमर की अध्यक्षता में डीएम कार्यालय में हुई। इसमें जिलाधिकारी ने अधिकारियों को आधार केंद्रों से संबंधित दिशा निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि जिले में जो प्रस्तावित आधार केंद्र खुलने हैं, उन्हें जल्दी संचालित किया जाए। इस दौरान डीएम ने जनपद में संचालित आधार केंद्रों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिये कि जिन क्षेत्रों में पंजीकृत आधार केंद्र संचालित हो रहे हैं, उन क्षेत्रों में संबंधित उपजिलाधिकारी व जिला स्तरीय अधिकारी समय-समय पर उन केंद्रों का निरीक्षण करना सुनिश्चित करें।
यह भी पढ़ें- अल्मोड़ाः बंदी फरार होने पर एसएसपी ने लिया एक्शन, एएसआई व दो आरक्षी सस्पेंड
उन्होंने निर्देश दिए कि संचालित आधार केंद्रों के बाहर रेट लिस्ट अवश्य रूप से चस्पा की जाए। जिलाधिकारी ने कहा कि जिन क्षेत्रों में अधिक लोगों के आधार अपडेट कार्य होने हैं। उन क्षेत्रों को चिन्हित कर आधार कैंप लगाना सुनिश्चित करें। इस दौरान आधार केंद्र रहित क्षेत्रों को सम्मिलित कर अतिरिक्त आधार पंजीकरण एवं अद्यावधिक आधार केंद्र संचालन एवं विभिन्न प्रकरणों पर चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिन व्यक्तियों के आधार बने 10 वर्ष पूर्ण हो गए हों, उनके आधार अपडेट करवाने के लिए उपजिलाधिकारी, खंड विकास अधिकारी बीडीसी बैठकों में जनप्रतिनिधियों सहित प्रचार वाहनों के माध्यम से प्रचार प्रसार की व्यवस्था सुनिश्चित करें। बैठक में यूआईडीएआई तथा ई-गवर्नेंस से जनपद, तहसील व ब्लॉक स्तर पर आधार सेवा केंद्रों को स्थापित करने के बारे में भी चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने बैंकों, पोस्ट आफिस, शिक्षा विभाग तथा बाल विकास विभाग के माध्यम से स्थापित की गई आधार पंजीकरण व्यवस्था में आने वाली समस्याओं की जानकारी ली तथा कहा कि सभी समस्याओं को यूआईडीएआई से समन्वय स्थापित कर उनका निस्तारण किया जाए। बैठक में यूआईडीएआई के सहायक प्रबंधक शुभम त्यागी ने ऑनलाइन के माध्यम से आधार संचालन की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी। इस दौरान डाक अधीक्षक राजेश कुमार बिनवाल व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढें- Almora Weather: मौसम के पूर्वानुमान को देखकर अलर्ट रहने के निर्देश
