चम्पावतः अधिकारियों व कर्मचारियों ने नशे से दूर रहने की ली शपथ
चम्पावत, अमृत विचार। हर साल 26 जून को दुनिया भर में "अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस" (इंटरनेशनल डे अगेंस्ट ड्रग एब्यूज एंड इलिसिट ट्रैफकिंग) के रूप में मनाया जाता है। इसी क्रम में 2023 की थीम "लोग पहले: कलंक और भेदभाव को रोकें, रोकथाम को मजबूत करें" विषय पर सोमवार को जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी समेत जनपद के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों द्वारा नशा मुक्ति दिवस के अवसर पर प्रतिज्ञा के साथ- साथ ई-प्रतिज्ञा भी ली गयी।
("जिंदगी को हां और नशे को ना कहें") नशीली दवाओं के दुरुपयोग को रोकने में सहयोग और नशे से दूर रहकर एक स्वस्थ्य जीवन जीने के लिए खुद को प्रतिबद्ध करने का संकल्प लिया। जिलाधिकारी नरेन्द्र सिंह भण्डारी ने कहा कि हर साल लोगों को नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से यह दिवस मनाया जाता है। उन्होंने कहा की नशा, एक ऐसी बीमारी है जो कि युवा पीढ़ी को लगातार अपनी चपेट में लेकर उसे कई तरह से बीमार कर रही है।
शराब, सिगरेट, तम्बाकू एवं ड्रग्स जैसे जहरीले पदार्थों का सेवन कर युवा वर्ग का एक बड़ा हिस्सा नशे का शिकार हो रहा है। इसके लिए हम सभी को प्रतिज्ञा लेनी होगी साथ ही अपने परिजनों व आस पड़ोस के लोगों को भी नशीले पदार्थों का सेवन न करने के लिए प्रेरित करना होगा। इस मौके पर जनपद के मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी हेमन्त कुमार वर्मा समेत जनपद के समस्त कार्यालयाध्यक्ष व कर्मचारियों द्वारा ई- प्रतिज्ञा ली गई।
यह भी पढ़ें- बागेश्वरः मंत्री के आदेश की उड़ीं धज्जियां, समय पर नहीं मिली नदीगांव में सड़क व पानी की सुविधा
