संभल: शौचालय के निर्माणाधीन पानी भरे टैंक में गिरकर इकलौते बेटे की मौत
टैंक से निकालकर युवक को सहसवान ले गए परिजन, डॉक्टर ने किया मृत घोषित, परिवार में मचा कोहराम
संभल/जुनावई, अमृत विचार। जनपद के जुनावई थाना क्षेत्र में शौचालय के निर्माणाधीन पानी भरे टैंक में इकलौता बेटा गिर गया। करीब पंद्रह मिनट बाद परिजनों ने युवक को बाहर निकाला और तुरंत सहसवान निजी अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने युवक को मृत घोषित किया तो परिवार में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव घोंसली मोहकम निवासी योगेंद्र शर्मा के घर में शौचालय के लिए टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। योगेंद्र शर्मा का इकलौता बेटा अंकित शर्मा (19 वर्ष) राजकीय डिग्री कालेज जुनावई में बीए का छात्र था। सोमवार को शाम करीब छह बजे अंकित शर्मा का किसी तरह पैर फिसल गया और वह पानी भरे टैंक में गिर गया। काफी देर तक अंकित शर्मा नहीं दिखाई दिया तो परिजनों ने तलाश शुरू कर दी।
इसी बीच अंकित शर्मा टैंक में दिखाई दिया। तब परिजनों ने उसे आनन फानन में बाहर निकाला और तुरंत सहसवान में निजी डॉक्टर के यहां ले गए। डॉक्टर ने अंकित शर्मा को मृत घोषित कर दिया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। घर का चिराग बुझ जाने को लेकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल हो गया।
ये भी पढ़ें- संभल: मुठभेड़ में छह गोवंशीय पशु तस्कर पकड़े, दो इनामी पुलिस की गोली से घायल
