बरेली: सिटी स्टेशन पर ऊंचा हो रहा प्लेटफार्म, लिया जा सकता है ब्लॉक
सिटी स्टेशन के कार्यालयों को भी ऊंचा करने का काम हुआ शुरू
बरेली, अमृत विचार। बरेली सिटी स्टेशन को इन दिनों रेलवे की गति शक्ति यूनिट द्वारा अमृत भारत स्टेशन के तहत चमकाने का प्रयास किया जा रहा है। जिसके तहत स्टेशन पर मौजूद कार्यालयों की ऊंचाई बढ़ाने का काम शुरू हो गया है। प्लेटफार्म नंबर चार को हाई लेवल बनाने का काम भी तेजी के साथ चल रहा है। प्लेटफार्म की ऊंचाई बढ़ाने के लिए स्लैब डालने का काम चल रहा है। अब बचे हुए काम के लिए 1 जुलाई से प्लेटफार्म नंबर चार पर ब्लॉक लेने की तैयारी चल रही है। इससे कुछ दिन ट्रेनों का संचालन भी प्रभावित हो सकता है।
पूर्वोत्तर रेलवे बरेली सिटी का प्लेटफार्म नंबर चार उत्तर रेलवे बरेली जंक्शन से कनेक्ट है। लिहाजा जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर एक और दो पर आने जाने वाली ट्रेनें इसी स्टेशन से होकर जाती हैं। जिसमें 12354 लालकुआं हावड़ा साप्ताहिक सुपरफास्ट, 12353 हावड़ा लालकुआं साप्ताहिक सुपरफास्ट, 15044 काठगोदाम लखनऊ एक्सप्रेस, 15043 लखनऊ-काठगोदाम एक्सप्रेस और 15073, 15074, 15075, 15076 त्रिवेणी एक्सप्रेस इसी प्लेटफार्म से होकर गुजरती हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि जंक्शन पर अगर ब्लॉक लिया गया तो इन ट्रेनों का संचालन प्रभावित हो सकता है। हालांकि इज्जतनगर रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी राजेंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल ब्लॉक को लेकर कोई सूचना नहीं है। प्लेटफार्म नंबर चार के उच्चीकरण के कार्य की बात करें तो करीब 620 स्लैब डाले जाने हैं फिलहाल करीब 350 स्लैब डाल दिये गये हैं।
चार दिन त्रिवेणी एक्सप्रेस रहेगी निरस्त
मुरादाबाद मंडल के ऐगवां स्टेशन पर लूप लाइन के निर्माण का काम किया जा रहा है। जिसके लिए कई ट्रेनों का संचालन निरस्त किया गया है। इज्जतनगर रेल मंडल के पीआरओ राजेंद्र सिंह ने ने बताया कि 30 जून से 3 जुलाई के बीच सिंगरौली से चलने वाली 15073 सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 30 जून से 3 जुलाई के बीच शक्तिनगर से चलने वाली 15075 शक्तिनगर-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
1 से 4 जुलाई के बीच टनकपुर से चलने वाली 15074 टनकपुर-सिंगरौली त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी। 1 से 4 जुलाई के बीच टनकपुर से चलने वाली 15076 टनकपुर-शक्तिनगर त्रिवेणी एक्सप्रेस निरस्त रहेगी।
