हल्द्वानी: आरटीई: दोबारा मिलेगा प्रवेश का मौका, 17165 सीटें खाली 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हल्द्वानी, अमृत विचार। शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया खत्म होने के बाद करीब 17165 सीटें खाली रह गई हैं, जिन पर प्रवेश का विद्यार्थियों को एक और मौका मिलेगा। जल्द ही आरटीई के लिए ऑनलाइन प्रवेश शुरू होंगे। 
 

शिक्षा विभाग ने इस बार आरटीई के तहत पूरे प्रदेश में 34230 सीटें निर्धारित की थीं। 8 जून को लॉटरी के माध्यम से छात्र-छात्राओं का निजी विद्यालयों में प्रवेश के लिए चयन हुआ। 12 से 24 जून तक प्रवेश प्रक्रिया चली। प्रवेश की तिथि खत्म होने के बाद सीटें नहीं भर पाई हैं। शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत 6 से 14 वर्ष के 25325 बच्चों ने आवेदन किया था, जिसमें 20837 को सत्यापित किया गया। 17065 सीटें आवंटित की गई। 
 

नैनीताल जिले में इस बार आरटीई के तहत 3050 सीटें आरक्षित हैं। इसके सापेक्ष 1793 सीटें आवंटित की गईं। विभाग बची सीटों पर प्रवेश का एक और मौका देने जा रहा है। शिक्षा अधिकार अधिनियम के तहत चयनित बच्चों के लिए निजी विद्यालयों में 25 प्रतिशत सीटें आरक्षित रहती हैं। सरकार इन बच्चों की फीस वहन करती है। 


शिक्षा अधिकार अधिनयम के तहत प्रदेश में सत्र 2023-24 के लिए 34230 सीटें आरक्षित हैं। पहले चरण की प्रवेश प्रक्रिया के बाद बची सीटों पर शीघ्र ही आवेदन प्रक्रिया शुरू कराई जाएगी। 
-डॉ. मुकुल कुमार सती, अपर राज्य परियोजना निदेशक, समग्र शिक्षा।  

 

 

संबंधित समाचार