हल्द्वानी: बारिश ने बिगाड़े सब्जियों के दाम, टमाटर ने मारा शतक
टमाटर का दाम 30 रुपये किलो प्रति किलो से बढ़कर 100 रुपये प्रति किलो पहुंचा
मैदानी क्षेत्रों में खेतों में जलभराव होने से सब्जियों को पहुंचा नुकसान
हल्द्वानी, अमृत विचार। मानसून में देरी, तापमान में बढ़ोतरी और कई इलाकों में भारी बारिश होने से सब्जियों की कीमतें बढ़ गई हैं। कुछ समय तक 20 रुपये किलो मिल रहे टमाटर के दाम अब 100 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। इसी क्रम में आलू, प्याज, लौकी, लहसुन, खीरा जैसै तमाम सब्जियों के दाम भी आसमान छू रहे हैं।
बारिश के शुरुआत में ही सब्जियों के दाम में वृद्धि दर्ज की गई है। एका-एक सब्जियों के दाम बढ़ने से गृहणियों के रसोई घर के बजट में भी इसका असर पड़ना तय हैं। बीते दिनों ही जो टमाटर 20 रुपये प्रतिकिलो की दर बिक्री हो रहा था आज के समय में टमाटर शतक पूरा कर चुका है।
इसी के साथ ही बीन, भिंडी, खीरा, प्याज समेत कई सब्जियों के मूल्यों में वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं अदरक इस समय में 200 रुपये प्रतिकिलो की दर से बिक रहा है। विशेषज्ञों के मुताबिक पिछले वर्ष प्याज व लहसुन की अच्छी पैदावार होने हुई थी लेकिन उन्हें उचित दाम नहीं मिल सका था और इस बार कृषकों ने सब्जियों की खेती में कमी की है, जिसके चलते मल्यों में वृद्धि दर्ज की गई है।
इधर आलू-फल आढ़ती एसोसिएशन के महामंत्री दीपक पाठक ने बताया कि नदी के किनारों पर सब्जियों की खेती की जाती है जहां बारिश होने से सब्जियों को नुकसान पहुंचा हैं जबकि खेतों में जलभराव होने के चलते सब्जियों के दाम महंगे हो गए हैं। प्याज का आयात नासिक से किया जा रहा है, जबकि टमाटर भी यूपी और पहाड़ों से मंगाया जा रहा है।
सब्जियां पूर्व के मूल्य वर्तमान मूल्य
टमाटर 10 से 30 100
प्याज 10 से 15 20
आलू 15 20
अदरक 80 200
लहसून 80 100-120
मिर्च 20 50
गोभी 40 50
बैगन 10 40
बीन 30 60
भिंडी 20 30
खीरा 10 30
लौकी 10 20
शिमला मिर्च 20 40
