रुद्रपुर: वर्ष 2022 से ही बिगड़ने लगे थे युवक और युवती के संबंध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दुष्कर्म में आरोपी युवक ले चुका था कोर्ट से स्टे

प्रेमी युवक की शादी के बाद युवती ने की थी आत्महत्या  युवती को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में दर्ज की थी रिपोर्ट 

रुद्रपुर, अमृत विचार। खटीमा निवासी युवती एवं युवक के दिलों में दरार वर्ष 2022 से पड़नी शुरू हो गई थी और दोनों का अंत वर्ष 2023 में हो गया। बताया जा रहा है कि पहले दोनों के बीच अच्छे संबंध थे। मगर वर्ष 2022 अक्टूबर माह में अचानक दोनों के दिलों में खटास पैदा हो गई और युवती को जैसे ही पता चला कि युवक ने शादी कर ली। उसने खुदकुशी का रास्ता अपना लिया।

बताते चलें कि युवती का अमन शर्मा से प्रेम प्रसंग चलता था। मगर अचानक अक्टूबर माह 2022 में दोनों के बीच किसी बात को लेकर दरार पड़ गई तो युवती ने नवंबर में युवक के खिलाफ खटीमा में दुष्कर्म का मुकदमा पंजीकृत करवाया। इसके बाद युवक न्यायालय से गिरफ्तारी स्टे लेकर आ गया और दिसंबर 2022 को ही रामपुर की रहने वाली एक युवती से शादी कर ली। जिसकी भनक लगते ही युवती ने पहले फेसबुक पर वीडियो लाइव कर जनवरी माह को ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली।

इसके बाद खटीमा पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के आरोप में 306 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया। पिछले छह माह से गिरफ्तारी से बचने के लिए युवक ने काफी प्रयास किए। मंगलवार की रात करीब 11 बजे एसटीएफ प्रभारी एमपी सिंह को खबर मिली कि आरोपी रुद्रपुर भूरारानी स्थित एलायंस किंग्सटन कॉलोनी स्थित अपनी ससुराल में आया हुआ है। खबर मिलते ही एसटीएफ की टीम ने देर रात बताए मकान में दबिश दी। मगर गिरफ्तारी के बचने के लिए भागने के चक्कर में चौमंजिला इमारत से गिरकर उसकी मौत हो गई।  


आखिरकार कौन है बचाने का आश्चवान देने वाला

मंगलवार की देर रात एसटीएफ की दबिश के दौरान भागने के चक्कर में अमन शर्मा की मौत होने पर परिजनों का आरोप है कि अमन पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करना चाहता था। मगर उसका दोस्त पिछले छह माह से उसे बचा लेने का आश्वासन देता रहा था।

यहां तक कि दबिश से कुछ दिन पहले भी उसे फोन कर इनाम घोषित होने और पुलिस का शिकंजा कसने की बात कही थी। आरोप है कि इसके बावजूद वह आश्वासन ही देता रहा और पुलिस से बचाने के नाम पर लाखों रुपये में ऐंठ लिया। यही कारण है कि गुस्साए परिजनों ने आरोपी युवक की खड़ी गाड़ी को भी तोड़ने का प्रयास किया।


आरोपी पर था 25 हजार का इनाम 

मंगलवार की देर रात एसटीएफ की टीम ने शहर की एक पॉश कॉलोनी में इनामी बदमाश को दबोचने के लिए दबिश दी। वह गिरफ्तारी से बचने के लिए चौमंजिला इमारत से पाइप के सहारे भागने की कोशिश कर रहा था और पैर फिसल कर जमीन पर जा गिरा। गंभीर रूप से घायल आरोपी को जिला अस्पताल ले जाया गया।

जहां उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर परिजन एवं परिचित मौके पर पहुंचे और देर रात जमकर हंगामा काटा। जिसको देखते हुए घटनास्थल एवं अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था। 

यह भी पढ़ें: हल्द्वानी: बारिश ने बिगाड़े सब्जियों के दाम, टमाटर ने मारा शतक 
 

संबंधित समाचार