रुद्रपुर: दो निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक व तीन सिपाही सस्पेंड
देशी शराब की फैक्ट्री पकड़ने के मामले में गिरी आबकारी अधिकारियों पर गाज
जनपदीय प्रवर्तन दल टीम में थे सभी अधिकारी शामिल
रुद्रपुर, अमृत विचार। विगत दिनों एसओजी ने गूलरभोज से नकली देशी शराब की फैक्ट्री पकड़ने के मामले में कमिश्नर आबकारी ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जनपदीय प्रवर्तन दल में तैनात दो निरीक्षक, एक उप निरीक्षक, एक हेड कांस्टेबल और दो सिपाहियों को सस्पेंड कर दिया है। जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।
बताते चलें कि 27 जून को एसओजी द्वारा गूलरभोज इलाके से देशी शराब से भरे टैंपो को पकड़ा था। जिसके चलते बताए गए स्थान पर दबिश देकर बाजपुर और काशीपुर इलाके से एक मकान में संचालित नकली देशी शराब की फैक्ट्री का भंडाफोड़ कर 112 पेटियां देशी शराब सहित घातक केमिकल के ड्रम भी बरामद किए थे।
एसओजी ने पूरे प्रकरण में दो महिलाओं सहित छह शराब तस्करों को गिरफ्तार किया था। दायित्वों के प्रति लापरवाही बरतने के कारण देहरादून कमिश्नर एचसी सेमवाल ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई कर जनपदीय प्रवर्तन दल में तैनात आबकारी निरीक्षक मोहन सिंह कोरंगा, प्रवर्तन दल अधिकारी का प्रभार एवं आबकारी निरीक्षक सोनू सिंह, उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नितिन कुमार, महिला सिपाही जगवती देवी और धर्म सिंह को सस्पेंड करने का आदेश जारी कर दिया।
आदेशों का पालन करते हुए जिला आबकारी अधिकारी अशोक मिश्रा ने तत्काल सभी आरोपित अधिकारियों को प्रभाव से पद मुक्त कर दिया। उन्होंने बताया कि दो निरीक्षक, एक उपनिरीक्षक, हेड कांस्टेबल व दो सिपाही बाजपुर एवं काशीपुर में तैनात हैं और वर्तमान में जनपदीय प्रवर्तन दल की टीम में थे।
