रुद्रपुर: गोवंशीय हत्याकांड को लेकर रामपुर-बहेड़ी में पुलिस का डेरा
यूपी पुलिस से मांगी गोकशी के आरोपियों की सूची
टीमें ले रही है सर्विलांस का सहारा, पड़ताल हुई तेज
रुद्रपुर, अमृत विचार। सिडकुल इलाके में गोवंशीय हत्या प्रकरण को लेकर अब पुलिस की टीमों ने सीमावर्ती इलाकों में डेरा डाल दिया है। यूपी पुलिस से ऐसी सूची मांगी है जो गोकशी गैंग से जुड़े हों। इसके अलावा पुलिस ने अब एसओजी के माध्यम से सर्विलांस की मदद लेनी शुरू कर दी है।
बताते चलें कि 19 जून को सिडकुल की पारले चौक स्थित एक नाले में दो गोवंशीय पशुओं के धड़ व टुकड़े पड़े हुए थे। जिसके बाद पुलिस ने संजीदगी से काम करते हुए पहले हिंदूवादी संगठनों को खुलासे का आश्वासन देकर शांत करवाया। बाद में पंतनगर थाना प्रभारी राजेद्र सिंह डांगी द्वारा कराए मुकदमे के आधार पर चार टीमें बनाकर तफ्तीश शुरू कर दी है।
सीसीटीवी फुटेज में कैद अज्ञात वाहन और रामपुर व बहेड़ी में सक्रिय गोकशी गैंग पर संदेह प्रबल हो चुका है। जिसके बाद टीमों ने दोनों ही इलाकों में डेरा डालकर स्थानीय यूपी पुलिस का सहयोग लिया है और ऐसे गैंग की सूची मांगी है जो गोकशी के गोरखधंधे से जुड़े हैं।
इसके अलावा पुलिस ने एसओजी सर्विलांस टीम को लगा दिया है। जो घटनास्थल पर ज्यादा सक्रिय हों और नंबर यूपी का हो। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि पुलिस की चार टीमें गोवंशीय हत्याकांड के पर्दाफाश में जुटी हुई हैं। सीमावर्ती यूपी इलाकों में भी डेरा डालकर प्रकरण के साजिशकर्ताओं की खोज की जा रही है। जल्द ही पुलिस मामले का खुलासा कर देगी।
