प्रयागराज में CM योगी ने लाभार्थियों को दिए फ्लैट, किया संवाद
प्रयागराज, अमृत विचार। अब से कुछ देर पहले प्रयागराज पहुंचे सीएम योगी आदित्यनाथ ने 76 लाभार्थियों को लूकरगंज में बने फ्लैट्स की चाभियाँ सौंपी हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इससे पहले फ्लैट्स का निरीक्षण कर लाभार्थियों से संवाद भी किया। सीएम योगी ने कहा कि अपने आशियाने को बेचिएगा नहीं, इसमें साफ़-सफाई रखिये और मिलजुल कर यहाँ रहिये। अपने दौरे में सीएम योगी 768 करोड़ रुपये की 226 योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी करेंगे।
सीएम योगी आज अपने एक दिवसीय दौरे पर प्रयागराज पहुंचे हैं। जहाँ उन्होंने माफिया अतीक अहमद के कब्जे से मुक्त कराई गई भूमि पर बने फ्लैट्स को उनके आवंटियों को सौंपे हैं। सीएम योगी आदित्यनाथ ने इस जमीन पर फ्लैट्स के निर्माण की घोषणा 2021 में की थी। दिसंबर 2021 में योगी आदित्यनाथ भूमि पूजन करने आए प्रयागराज आए थे। प्रयागराज विकास प्राधिकरण ने महज डेढ़ साल में इन 76 फ्लैट्स को तैयार कर लाभार्थियों को लॉटरी के माध्यम से आवंटन भी कर दिया है। लूकरगंज में माफिया अतीक अहमद के कब्जे से खाली कराई गई जमीन पर प्रयागराज विकास प्राधिकरण (पीडीए) द्वारा बनाए गए फ्लैट्स भगवा रंग में हैं।
ये भी पढ़ें -आज प्रयागराज आएंगे CM योगी, कई करोड़ की परियोजनाओं की देंगे सौगात
